इंटर साई कबड्डी: सोनीपत-धर्मशाला पर गांधीनगर की जीत, चेन्नई ने भी दो बार मारी बाजी
गांधीनगर। 17वीं ऑल इंडिया इंटर साई कबड्डी टूर्नामेंट 2026–27 के दूसरे दिन एनसीओई गांधीनगर, एसटीसी चेन्नई और एसटीसी जयपुर की टीमों ने दमदार प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में गांधीनगर ने दो जीत दर्ज कीं, जबकि बालक वर्ग में चेन्नई ने अपने दोनों मुकाबले बड़े अंतर से जीते। दिन का सबसे करीबी मुकाबला एसटीसी धारवाड़ और एसटीसी मयिलादुथुराई के बीच रहा, जिसमें धारवाड़ ने महज दो अंकों से बाजी मारी।
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई), गांधीनगर में खेले गए मुकाबलों में बालिका वर्ग में मेजबान गांधीनगर ने पहले एनसीओई सोनीपत को 36-28 से हराया। इसके बाद टीम ने एनसीओई धर्मशाला को 40-34 से पराजित कर दिन की दूसरी जीत दर्ज की। वहीं, एसटीसी कोकराझार ने एसटीसी मयिलादुथुराई को 41-28 से हराया।
बालक वर्ग में चेन्नई की दो जीत
बालक वर्ग में एसटीसी चेन्नई ने एसटीसी पुदुचेरी को 46-30 से हराकर शुरुआत की। चेन्नई की टीम ने दूसरे मुकाबले में एसटीसी धारवाड़ को 52-35 से शिकस्त दी। इस तरह टीम ने दिन के दोनों मैचों में जीत हासिल की।

एसटीसी बिलासपुर ने एसटीसी हैदराबाद को 45-25 से हराकर 20 अंकों के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं, एसटीसी जयपुर ने हैदराबाद को 39-27 से पराजित किया।
धारवाड़ ने दो अंकों से जीता रोमांचक मुकाबला
दिन के सबसे संघर्षपूर्ण मुकाबलों में एसटीसी धारवाड़ ने एसटीसी मयिलादुथुराई को 44-42 से हराया। दोनों टीमों के बीच अंत तक कड़ा मुकाबला देखने को मिला और धारवाड़ ने दो अंकों के अंतर से जीत अपने नाम की। हालांकि, मयिलादुथुराई की टीम ने दिन के एक अन्य मुकाबले में एसटीसी पुदुचेरी को 40-32 से हराकर जीत दर्ज की।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न साई केंद्रों की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। गांधीनगर की बालिका टीम की दो जीत और चेन्नई के बालक वर्ग में लगातार दो सफल नतीजे दिन के प्रमुख प्रदर्शन रहे।