रियल मैड्रिड को बड़ा झटका, एल क्लासिको में नहीं दिखेंगे विनीसियस

रियल मैड्रिड के स्टार फॉरवर्ड विनीसियस जूनियर को विलारियल के खिलाफ ला लीगा मुकाबले में लाल कार्ड दिखाए जाने के बाद चार मैचों के प्रतिबंध का सामना करना पड़ेगा।

इस फैसले से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं, क्योंकि वह इस महीने बार्सिलोना के खिलाफ होने वाले बहुप्रतीक्षित एल क्लासिको में नहीं खेल सकेंगे। स्पेनिश फुटबॉल महासंघ की अनुशासन समिति ने बुधवार को प्रतिबंध की पुष्टि की। विनीसियस को विलारियल के खिलाड़ी नाथन सलीबा के बाल खींचने के लिए हिंसक आचरण के आरोप में दो मैचों का प्रतिबंध दिया गया है। वहीं, लाल कार्ड मिलने के बाद गुस्से में प्रतिक्रिया देने के कारण उन पर दो मैचों का अतिरिक्त प्रतिबंध लगाया गया है।

यह विवाद शनिवार को सैंटियागो बर्नब्यू स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के दौरान हुआ। विनीसियस ने जूड बेलिंगहैम के पास पर गोल करके रियल मैड्रिड की बढ़त दोगुनी करने का प्रयास किया था। हालांकि, वीडियो सहायक रेफरी (वीएआर) की समीक्षा के बाद गोल को रद्द कर दिया गया। समीक्षा के दौरान बाल खींचने की घटना सामने आने पर विनीसियस को लाल कार्ड दिखाया गया।

साभार : गूगल

मौजूदा सीजन में विनीसियस का प्रदर्शन भी अब तक उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। वह रियल मैड्रिड के लिए अब तक केवल एक गोल कर सके हैं। विलारियल के खिलाफ मुकाबले में मुख्य कोच जोस मोरिन्हो ने उन्हें शुरुआती एकादश में भी जगह नहीं दी थी। अब चार मैचों के प्रतिबंध के कारण उनकी टीम को घरेलू प्रतियोगिताओं में उनकी सेवाएं नहीं मिल सकेंगी।

बुधवार को चैंपियंस लीग में रोमा के खिलाफ रियल मैड्रिड की 4-3 की रोमांचक जीत के बाद विनीसियस ने प्रतिबंध की घोषणा के समय पर सवाल उठाए। उन्होंने इस आरोप को भी खारिज किया कि उन्होंने किसी अन्य खिलाड़ी के खिलाफ हिंसक व्यवहार किया है।

विनीसियस ने बोला, “उनके पास प्रतिबंध की घोषणा करने के लिए पूरा दिन था, लेकिन जैसे ही हम स्टेडियम पहुंचे, मुझे बताया गया कि मैं लीग के अगले चार मैचों में नहीं खेल पाऊंगा।”

उन्होंने नियमों को लेकर स्पष्टता की कमी पर भी नाराजगी जताई। विनीसियस ने कहा, “हमें कभी यह समझाया ही नहीं गया कि बाल खींचने के इस नियम को किस तरह लागू किया जाता है। ला लीगा और रेफरी संघ की ओर से कोई न कोई हमेशा नियम समझाने आता है, लेकिन इस विशेष मामले के बारे में कभी नहीं बताया गया। मेरे लिए यह लाल कार्ड था, बस इतनी-सी बात है। मैंने कभी किसी दूसरे खिलाड़ी के खिलाफ हिंसक व्यवहार नहीं किया। मुझे अक्सर चोट पहुंचाई जाती है, लेकिन कार्ड मुझे ही दिखाए जाते हैं।”

हालांकि, इस प्रतिबंध का असर केवल घरेलू प्रतियोगिताओं पर पड़ेगा। यही वजह है कि मोरिन्हो ने बुधवार को रोमा के खिलाफ चैंपियंस लीग मुकाबले की शुरुआती एकादश में विनीसियस को शामिल किया। वह 21 अक्टूबर को आरबी लीपजिग और चार नवंबर को एईके के खिलाफ होने वाले चैंपियंस लीग मुकाबलों में भी खेल सकेंगे।