आमिर खान के भांजे इमरान खान की बढ़ीं मुश्किलें, मुंबई पुलिस ने ‘लीव इंडिया नोटिस’ भेजकर 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का दिया आदेश

‘जाने तू या जाने ना’ फेम अभिनेता इमरान खान को मुंबई पुलिस ने ‘लीव इंडिया नोटिस’ (LIN) जारी किया है। विदेशी नागरिक (US Citizenship) होने के बावजूद राजनीतिक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के कारण उन पर यह कड़ी कार्रवाई की गई है
अभिषेक सिंह
नई दिल्ली: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान के भांजे और ‘जाने तू या जाने ना’ तथा ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ जैसी कई हिट फिल्मों में नजर आ चुके मशहूर अभिनेता इमरान खान पर एक बड़ी कानूनी मुसीबत आ गई है। मुंबई में एक राजनीतिक विरोध प्रदर्शन (प्रोटेस्ट) में शामिल होने के बाद अब अभिनेता को मुंबई पुलिस की तरफ से एक सख्त नोटिस भेजा गया है, जिसमें उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने के स्पष्ट आदेश दिए गए हैं।
समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) की रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने अभिनेता इमरान खान को जो कानूनी नोटिस भेजा है, उसे ‘भारत छोड़ो नोटिस’ (Leave India Notice – LIN) कहा जाता है। इस नोटिस में उन्हें हर हाल में 28 अक्टूबर तक देश की सीमा छोड़ने का आदेश दिया गया है। यह पूरा विवाद 10 अक्टूबर को शुरू हुआ था, जब इमरान खान ने मुंबई के ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान में एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया गया था। इस उग्र विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अभिनेता को हिरासत में भी लिया था। पुलिस द्वारा भेजे गए नोटिस के मुताबिक, सबसे बड़ी समस्या यह है कि इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं, इसके बावजूद उन्होंने देश के एक आंतरिक राजनीतिक प्रोटेस्ट में हिस्सा लिया है, जिसके कारण मुंबई पुलिस की तरफ से उन्हें यह देश छोड़ने का नोटिस भेजा गया है।
इमरान खान की नागरिकता को लेकर मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भाजपा (BJP) नेता किरीट सोमैया ने अभिनेता के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज करवाई है। अपनी शिकायत में सोमैया ने कहा है कि इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं, बल्कि उनके पास अमेरिका (US) की सिटिजनशिप (नागरिकता) है। ऐसे में उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर हो रहे प्रोटेस्ट में हिस्सा लेकर विदेशी अधिनियम का खुला उल्लंघन किया है। इसी आधार पर इमरान के खिलाफ गामदेवी पुलिस स्टेशन में विदेशी अधिनियम का उल्लंघन करने की एफआईआर दर्ज करवाई गई है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, यह गंभीर शिकायत विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FFRO – Foreigners Regional Registration Office) को भी भेज दी गई है।
रिपोर्ट्स की मानें तो, अमेरिकी नागरिक होने के नाते इमरान के पास केवल ‘ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया’ (OCI) कार्ड है। ओसीआई कार्ड का मतलब यह है कि विदेश में रहने वाले भारतीय मूल के नागरिकों को भारत में रहने के लिए आजीवन वीजा (लाइफटाइम वीजा) मिलता है, लेकिन न तो वे देश में वोट कर सकते हैं और न ही किसी चुनाव में खड़े हो सकते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भारतीय संविधान के ‘आर्टिकल 19’ (Article 19) के तहत, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण प्रोटेस्ट करने का मौलिक अधिकार सिर्फ और सिर्फ भारत के नागरिकों को ही प्राप्त है, विदेशी नागरिकों को नहीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चीफ इलेक्शन कमिश्नर ऑफ इंडिया ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए इस प्रोटेस्ट में इमरान खान अकेले नहीं गए थे। इस प्रदर्शन में उनकी गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन और उनकी कजिन जैन मैरी खान भी उनके साथ मौजूद थीं, जिन्हें भी पुलिस ने मौके से हिरासत में लिया था। अब 28 अक्टूबर की डेडलाइन ने अभिनेता की मुश्किलें काफी बढ़ा दी हैं।