Trending

शराब के नशे में पति ने घरेलू विवाद में पत्नी का गला घोंटा, लखनऊ में सनसनीखेज वारदात

राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र स्थित धनुवासाड़ गांव में घरेलू विवाद के चलते पति ने रस्सी से गला कसकर अपनी 40 वर्षीय पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने मृतका के बड़े बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है

सरिता त्रिपाठी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के ग्रामीण इलाके मोहनलालगंज से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले धनुवासाड़ गांव में बुधवार देर रात घरेलू विवाद के चलते एक पति ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात को अंजाम देते समय पति शराब के नशे में धुत था और उसने गुस्से में आकर रस्सी से अपनी पत्नी का गला कस दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनुवासाड़ गांव के निवासी राधाकृष्ण का बुधवार की देर रात अपनी पत्नी रेखा देवी (40) से किसी घरेलू बात को लेकर अचानक विवाद हो गया था। देखते ही देखते पति-पत्नी के बीच की यह कहासुनी इतनी ज्यादा बढ़ गई कि शराब के नशे में चूर राधाकृष्ण ने अपना आपा खो दिया। इसी दौरान आवेश में आकर राधाकृष्ण ने घर में रखी रस्सी उठाई और उससे पत्नी रेखा देवी का गला कसकर उनकी जीवनलीला समाप्त कर दी। बताया जा रहा है कि मृतका रेखा देवी के 3 बेटे और 1 बेटी हैं। जिस वक्त घर के भीतर इस खौफनाक खूनी वारदात को अंजाम दिया गया, उस समय घर के सभी 4 बच्चे गांव के पास ही आयोजित एक रामलीला मेला देखने के लिए गए हुए थे। जब बच्चे मेले से वापस घर लौटे, तो मां का शव देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

देर रात करीब 1:30 बजे स्थानीय पुलिस को इस हत्याकांड की सूचना मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहनलालगंज थाना प्रभारी तत्काल भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटना की बारीकी से जांच के लिए मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर वहां से हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति राधाकृष्ण को मौके से ही हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने मृतका रेखा देवी के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में अपनी मां को खोने वाले बड़े बेटे प्रभात गौतम ने अपने ही आरोपी पिता राधाकृष्ण के खिलाफ थाने में लिखित तहरीर दी है। इस पूरे प्रकरण पर जानकारी देते हुए अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि बेटे की तहरीर के आधार पर आरोपित पति के खिलाफ हत्या का संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।