डबल इंजन सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति ने आसुरी शक्तियों का दमन कर प्रदेश में स्थापित किया भयमुक्त वातावरणः सीएम योगी

राघवेंद्र प्रताप सिंह
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार (17 अक्टूबर, 2026) को कहा कि भाजपा नीत डबल इंजन सरकार की अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के कारण पिछले साढ़े नौ वर्षों में राज्य में कानून का राज स्थापित हुआ है और एक भयमुक्त वातावरण बना है।
नवरात्रि और मां कालरात्रि का संदर्भ
शारदीय नवरात्रि की सप्तमी तिथि पर मां कालरात्रि की आराधना के बाद सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट में लिखा, “दुष्टों, असुरों और रक्तबीज जैसी तामसिक शक्तियों का संहार कर धर्म की स्थापना एवं भक्तों को अभय प्रदान करने वाली मां कालरात्रि का दिव्य स्वरूप हमें संदेश देता है कि अधर्म, अत्याचार व आतंक का अंत ही न्याय, शांति एवं निर्भय समाज की स्थापना का आधार है।”
2017 से पहले की स्थिति पर प्रहार
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में रक्तबीज रूपी माफिया, दंगाइयों और अपराधियों के आतंक से उत्पन्न भय और अराजकता के अंधकार ने बहन-बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन की राह में गंभीर बाधाएं खड़ी कर दी थीं। उन्होंने दावा किया कि विगत साढ़े नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति ने इन आसुरी शक्तियों का दमन कर प्रदेश में कानून का राज और भयमुक्त वातावरण की स्थापना की है।
महिला सुरक्षा के लिए उठाए गए कदम
सीएम योगी ने महिला सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा कि मिशन शक्ति, इंटीग्रेटेड 1090 हेल्पलाइन, महिला बीट पुलिसिंग और सेफ सिटी परियोजना जैसी पहलों ने बहन-बेटियों के लिए घर की चौखट से लेकर सड़क, शिक्षण संस्थानों और कार्यस्थलों तक एक सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया है। उन्होंने पुलिस के रिस्पॉन्स टाइम में भारी कमी का जिक्र करते हुए बताया कि वर्ष 2016 में जहां यह 65 मिनट था, वहीं आज यह घटकर मात्र 5 मिनट रह गया है।
महिलाओं की बढ़ती आर्थिक भागीदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के कारण महिलाएं नाइट शिफ्ट सहित हर क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में महिला श्रम बल भागीदारी 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक हो गई है, जो यह दर्शाता है कि महिलाएं उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास की एक सशक्त शक्ति के रूप में उभरी हैं। उन्होंने इसे राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) और प्रति व्यक्ति आय में तीन गुना वृद्धि से भी जोड़ा।