महेला जयवर्धने ने छोड़ा मुंबई इंडियंस का साथ, एक दशक का सफर समाप्त

आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस में बदलाव का दौर शुरू हो गया है। श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने ने फ्रेंचाइजी के मुख्य कोच पद से हटने का फैसला किया है। इसके साथ ही टीम के साथ उनका करीब एक दशक का सफर समाप्त हो गया।

जयवर्धने ने अपने कार्यकाल में मुंबई इंडियंस को तीन आईपीएल खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई और फ्रेंचाइजी की क्रिकेट संस्कृति को मजबूत करने में योगदान दिया।

मुंबई इंडियंस ने जारी बयान में जयवर्धने के पद छोड़ने की पुष्टि की। वह पहली बार 2017 से 2022 तक टीम के मुख्य कोच रहे थे। 2022 में उन्होंने फ्रेंचाइजी के वैश्विक प्रदर्शन प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली और 2024 में एक बार फिर मुख्य कोच के रूप में वापसी की। उनका दूसरा कार्यकाल 2026 तक चला।

@mipaltan

फ्रेंचाइजी ने जयवर्धने के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दोनों कार्यकाल में टीम की संस्कृति को आकार देने और खिलाड़ियों के बीच अनुशासन, सहयोग तथा सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में टीम के भीतर ऐसा माहौल तैयार करने पर जोर दिया गया, जिसमें व्यक्तिगत उपलब्धियों के बजाय टीम के हितों को प्राथमिकता दी जाए।

मुख्य कोच पद से विदाई के मौके पर जयवर्धने ने मुंबई इंडियंस के साथ अपने जुड़ाव को खास अनुभव बताया। उन्होंने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ, प्रशंसकों और फ्रेंचाइजी के मालिक नीता अंबानी तथा आकाश अंबानी के प्रति आभार जाहिर किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान टीम ने कई यादगार पल साझा किए, चुनौतियों का सामना किया और ऐसी उपलब्धियां हासिल कीं, जिन पर सभी गर्व कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, “मुंबई इंडियंस एक दशक से भी अधिक समय से मेरी यात्रा का बेहद खास हिस्सा रही है। खिलाड़ियों, कोचिंग टीम, ‘वन फैमिली’ के शानदार सहयोग और सबसे बढ़कर प्रशंसकों ने इस अनुभव को ऐसा बनाया है, जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा। हमने मिलकर कई अविस्मरणीय पल साझा किए, चुनौतियों का सामना किया और कुछ ऐसा बनाया, जिस पर हम सभी गर्व कर सकते हैं।”

उन्होंने नीता अंबानी और आकाश अंबानी को वर्षों तक भरोसा जताने, सहयोग देने और मित्रता बनाए रखने के लिए धन्यवाद दिया। जयवर्धने ने कहा कि मुंबई इंडियंस हमेशा उनके दिल में खास जगह बनाए रखेगी और वह भविष्य में टीम की सफलता की कामना करते हैं।

टीम की मालकिन नीता अंबानी ने भी जयवर्धने के योगदान की सराहना की। उन्होंने उनके शांत नेतृत्व, ईमानदारी और खेल के प्रति समर्पण को फ्रेंचाइजी के लिए महत्वपूर्ण बताया। नीता अंबानी ने कहा कि जयवर्धने हमेशा मुंबई इंडियंस के ‘वन फैमिली’ का हिस्सा रहेंगे और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

2022 में वैश्विक प्रदर्शन प्रमुख बनने के बाद उन्होंने विभिन्न देशों की टी20 लीगों में मुंबई इंडियंस के विस्तार की देखरेख की। साथ ही, उन्होंने अलग-अलग टीमों की कोचिंग इकाइयों के साथ मिलकर फ्रेंचाइजी की सभी टीमों के लिए साझा क्रिकेट दर्शन विकसित करने पर काम किया।

इस अवधि में मुंबई इंडियंस की महिला टीम, एमआई न्यूयॉर्क और एमआई एमिरेट्स ने अपने-अपने टूर्नामेंट में खिताब जीते। इन सफलताओं ने वैश्विक क्रिकेट में फ्रेंचाइजी की पहचान को और मजबूत किया।