Trending

मायावती का बड़ा एलान: आकाश आनंद यूपी में करेंगे 5 बड़ी जनसभाएं, अशोक सिद्धार्थ की बसपा में वापसी नहीं

राघवेंद्र प्रताप सिंह

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने रविवार (18 अक्टूबर, 2026) को पार्टी के भीतर बड़े संगठनात्मक फेरबदल का ऐलान किया है। उन्होंने एक ओर जहां राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को उत्तर प्रदेश में पांच बड़ी जनसभाओं की जिम्मेदारी सौंपी है, वहीं दूसरी ओर आकाश के ससुर और पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ की पार्टी में वापसी की सभी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है।

आकाश आनंद का जनसभा कार्यक्रम
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करके आकाश आनंद के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उनके अनुसार, आकाश आनंद 28 अक्टूबर को बुलंदशहर, 2 नवंबर को सहारनपुर, 20 नवंबर को अयोध्या, 22 नवंबर को आगरा और 29 नवंबर को कानपुर नगर में बसपा की ओर से आयोजित जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, वे 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पंजाब में आयोजित विचार संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और 6 दिसंबर को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर हरिद्वार में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

आकाश की भूमिका पर मायावती का बयान
बसपा मुखिया ने आकाश आनंद की सक्रियता को लेकर कहा कि वे अब पार्टी और मूवमेंट के कार्यों को परिवार और रिश्ते-नातों से ऊपर रखकर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के लोगों को आकाश से काफी उम्मीदें हैं और वे पूरी मेहनत से पार्टी के काम में जुटे हुए हैं। गौरतलब है कि मायावती ने 5 अक्टूबर को आकाश आनंद को फिर से बसपा का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया था।

अशोक सिद्धार्थ की वापसी पर स्पष्ट इनकार
मायावती ने साफ शब्दों में कहा कि अशोक सिद्धार्थ को किसी भी परिस्थिति में पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा, “इस तरह की अटकलों में जरा भी सच्चाई नहीं है कि आकाश आनंद की तरह अशोक सिद्धार्थ को भी माफ करके पार्टी में वापस लिया जाएगा।” उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में हुई अप्रिय घटनाओं की जिम्मेदारी अशोक सिद्धार्थ पर अधिक थी, इसीलिए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी गई थी। मायावती ने कार्यकर्ताओं से ऐसी अफवाहों से सतर्क रहने की अपील की।

ईशान आनंद को मिली जिम्मेदारी
मायावती ने अपने छोटे भतीजे ईशान आनंद को भी पार्टी में अहम जिम्मेदारी दी है। उन्होंने बताया कि लंदन से वकालत की पढ़ाई पूरी कर चुके ईशान अब बसपा के दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के चुनाव और अन्य पेपर वर्क से जुड़े कामों में सहयोग करेंगे।