एशिया कप : पहली बार भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की खिताबी जीत
भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने इतिहास रचाते हुए एशिया कप का खिताब अपने नाम किया. भारत ने पहली बार इस टूर्नामेंट को जीता है। फाइनल में टीम इंडिया के सामने साउथ कोरिया की चुनौती थी।
टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम साउथ कोरिया को भारत ने 2-1 से मात दी. साउथ कोरिया ने सबसे अधिक चार बार टूर्नामेंट को अपने नाम किया है। इस टूर्नामेंट की मेजबानी 2021 में होनी थी लेकिन कोरोना के चलते दो साल की देरी से खेला गया।
पहला क्वार्टर गोल रहित बराबर रहने के बाद भारत ने 22वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर अनु के गोल की बदौलत बढ़त हासिल की।
जापान के खिलाफ सेमीफाइनल की निराशा को पीछे छोड़ते हुए अनु ने गोलकीपर के बाईं ओर से गोल करते हुए भारत को 1-0 से आगे किया। हालांकि तीन मिनट बाद दक्षिण कोरिया ने पार्क सियो यिओन के गोल की वजह से स्कोर 1-1 कर दिया।

नीलम ने 41वें मिनट में दक्षिण कोरिया की गोलकीपर के दाईं ओर से गोल करते हुए भारत को 2-1 से आगे किया जो कि निर्णायक स्कोर साबित हुआ।
भारतीय टीम ने इसके बाद आखिर क्वार्टर में अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए जीत हासिल की। दक्षिण कोरिया को पेनल्टी कॉर्नर के रूप में गोल करने के कई मौके मिले लेकिन टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी।
इससे पहले महिला जूनियर एशिया कप में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2012 में था जब टीम बैंकॉक में पहली बार फाइनल में जगह बनाई थी लेकिन चीन से 2-5 से हार गई।