30 अंकों के साथ शीर्ष स्थान, भारतीय पुरुष हॉकी टीम का अभियान खत्म
भारतीय पुरूष हॉकी टीम को मेजबान नीदरलैंड से 2-3 से हार मिलाने के बाद, टीम ने शानदार वापसी करते हुए अर्जेंटीना को 2-1 से मात देकर जीत के साथ एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2022-23 अभियान को खत्म किया। भारत इस जीत से अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर आ गया है।
एफआईएच हॉकी प्रो लीग
मैच में भारत के लिए आकाशदीप सिंह (2′) और सुखजीत सिंह (14′) ने गोल किया, लुकास टोस्कानी (58′) ने अर्जेंटीना के लिए एकमात्र गोल किया।
अनुभवी स्ट्राइकर आकाशदीप सिंह ने मैच के दूसरे मिनट में ही गोल करके भारत को 1-0 से बढ़त दिलाई। अगले कुछ मिनटों में भारत ने आक्रमण रूख अख्तियार किया, जिसका फायदा भी भारतीय टीम को मिला, सुखजीत ने बेहतरीन मैदानी गोल करके भारत को 2-0 से आगे किया।

भारत ने पहले ही क्वार्टर में 2-0 की बढ़त ले ली। अर्जेंटीना ने वापसी की कोशिश की, लेकिन वे भारतीय डिफेंस को भेद नहीं सके।
मैच खत्म होने से दो मिनट पहले लुकास टोस्कानी ने अर्जेंटीना के लिए गोल किया और स्कोर 2-1 हो गया और आखिर में यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ। इस जीत के साथ ही भारत ने इस सीजन में अपने अभियान का अंत 30 अंकों के साथ किया ।