Trending

इस वजह से चीन की पुलिस ने लियोनेल मेसी को हिरासत में लिया

नई दिल्ली : एक अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबले में अर्जेंटीना को गुरुवार को बीजिंग के वर्कर्स स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया भिड़ना है। मौजूदा फीफा विश्व कप चैंपियन अर्जेंटीना अपने प्रदर्शन से चीन के फैंस का दिल जीतने की कोशिश करेगी। इस मैच से पहले एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सभी को हैरान किया है।

दरअसल,  अर्जेंटीना के कप्तान और स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी को बीजिंग एयरपोर्ट पर चीन की पुलिस ने हिरासत में ले लिया। यह घटना 10 जून की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। ऐसा मेसी के पासपोर्ट के चलते हुआ। रिपोर्ट्स के अनुसार, मेसी अर्जेंटीना के पासपोर्ट के बजाए स्पेनिश पासपोर्ट पर यात्रा कर रहे थे।

उनके स्पेनिश पासपोर्ट पर चीनी वीजा नहीं था। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, मेसी को बीजिंग आने पर इसलिए समस्या का सामना करना पड़ा क्योंकि उन्होंने अर्जेंटीना के पासपोर्ट के बदले अपने स्पेनिश पासपोर्ट का इस्तेमाल किया था।

मेसी द्वारा अर्जेंटीना का पासपोर्ट इस्तेमाल नहीं करने से एयरपोर्ट पर सुरक्षाकर्मी कंफ्यूज हो गए। मेसी को करीब 30  मिनट तक रोका गया और मामले को सुलझाया गया। मेसी को एंट्री वीजा मिला और तब जाकर वह एयरपोर्ट से बाहर निकले। बता दें कि स्पेन के पासपोर्ट पर चीन में वीजा-फ्री एंट्री नहीं है।

बताते चले कि मेसी ने हाल ही में पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) की तरफ से अपना अंतिम मैच खेला। वह दो वर्ष इस क्लब के लिए खेले। मेसी अब अमेरिकी फुटबॉल क्लब इंटर मियामी के लिए खेलते नजर आएंगे। पीएसजी से अलग होने से पहले मेसी के सऊदी के क्लब और बार्सिलोना से जुड़ने की अटकलें लगाई जा रही थीं।

स्टार फुटबॉलर को यूरोप की कई टीमों से ऑफर मिला, लेकिन उन्होंने इंटर मियामी से करार करने का फैसला किया। मेसी ने बोला कि वह पैसे के लिए मियामी से नहीं जुड़े, अगर ऐसा होता तो सऊदी के क्लब के लिए खेलते।