रोहित की कप्तानी पर सवाल, ये चार संभाल सकते है भारतीय टेस्ट टीम की कमान
नई दिल्ली : रोहित शर्मा टीम इंडिया की तीनों फॉर्मेट में कप्तानी कर रहे हैं, आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 का फाइनल हारने के बाद उनकी कप्तानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
यहां तक कि रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड वेस्टइंडीज के दौरे के बाद उनकी टेस्ट कप्तानी पर विचार कर सकता है। हालांकि, वेस्टइंडीज में दो मैचों की टेस्ट सीरीज में रोहित ही कप्तान होंगे।
मौजूदा समय में वैसे तो भारतीय टीम टेस्ट क्रिकेट में थोड़ी बिखरी-बिखरी दिखाई दे रही है, क्योंकि कोई भी खिलाड़ी अच्छी फॉर्म में नहीं है, जो खिलाड़ी फॉर्म में थे वे चोट की वजह से बाहर हैं या फिर उन्हें मौका नहीं मिला।

ऐसे में कप्तान के तौर पर विकल्प कम हैं, लेकिन हम यहां उन खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो रोहित शर्मा को कप्तान के तौर पर रिप्लेस कर सकते हैं। इनमें एक विकेटकीपर, एक स्पिनर और दो प्योर बैट्समैन हैं, जो टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम की कमान संभाल सकते हैं।
- अजिंक्य रहाणे : भारतीय टेस्ट टीम की कई मौकों पर कप्तानी की कमान संभल चुके अजिंक्य रहाणे एक कप्तान के तौर पर इस फॉर्मेट में कामयाब रहे हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में भारत को टेस्ट सीरीज भी जिताई थी। अब उनकी टीम में वापसी हुई है तो वे कप्तान पद के दावेदारों की रेस में हैं।
- ऋषभ पंत : टेस्ट कप्तानी के दावेदारों की सूची में ऋषभ पंत का भी नाम है, वे अभी चोटिल हैं। हालांकि, अच्छी बात यह है कि भारत को अब अगली सीरीज वेस्टइंडीज के दौरे के 6 महीने के बाद खेलनी है। उम्मीद की जा रही है कि तब तक वे फिट हो सकते हैं और विकेट के पीछे रहकर कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।
3. श्रेयस अय्यर : कप्तानी के लिए एक और नाम श्रेयस अय्यर के रूप में जहन में आता है, क्योंकि उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी की हुई है। इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने कप्तानी नहीं की है, लेकिन वे टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान सफल हो सकते हैं। वे भी अभी चोटिल हैं।
- अश्विन : भारतीय टीम में वैसे तो टेस्ट कप्तानी कम गेंदबाजों को मिली है, लेकिन पहले हम देख चुके हैं कि अनिल कुंबले एक सफल कप्तान हुए हैं। ऐसे में अगर मैनेजमेंट आर अश्विन को कप्तान बनाता है तो ये एक अच्छा विकल्प हो सकता है, क्योंकि उनके पास एक शार्प क्रिकेटिंग ब्रेन है।