लक्ष्य सेन और किदांबी श्रीकांत इंडोनेशिया ओपन के दूसरे दौर में
जकार्ता: इंडोनेशिया ओपन विश्व टूर में राष्ट्रमंडल खेलों के विजेता भारतीय बैडमिंन खिलाड़ी लक्ष्य सेन और उनके हमवतन किदांबी श्रीकांत ने अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ सीधे गेम में जीत के साथ इस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के दूसरे दौर में जगह बना ली है।
विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता और दुनिया के 20वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य ने दुनिया के 11वें नंबर के खिलाड़ी मलेशिया के जी जिया ली के खिलाफ 32 मिनट में 21-17 21-13 से जीत हासिल की, श्रीकांत ने चीन के ल्यू गुआंग झू को 21-13 21-19 से मात देकर बाहर का रास्ता दिखाया।
दुनिया के 22वें नंबर के प्लेयर श्रीकांत ने दुनिया के 13वें नंबर के खिलाड़ी ल्यू के खिलाफ दबदबा बरकरार रखा। श्रीकांत ने चीन के खिलाड़ी के खिलाफ अभी तक अपने पांचों मैच में जीत हासिल की हैं। अगले दौर में लक्ष्य और श्रीकांत आमने-सामने होंगे, जिससे एक भारतीय खिलाड़ी की हार तय है।

भारत के प्रियांशु राजावत ने भी दूसरे दौर में जगह बनाई। उन्हें थाईलेंड के कुनलावुत वितिदसार्न के खिलाफ वाकओवर मिला। दूसरे दौर में राजावत की राह आसान नहीं होगी क्योंकि उन्हें डेनमार्क के हेन्स क्रिस्टियन सोल्बर्ग विटिंगस और दूसरे वरीय स्थानीय प्लेयर एंथोनी सिनिसुका गिनटिंग के बीच होने वाले मैच के विजेता के खिलाफ खेलना होगा।
भारत की युवा महिला खिलाड़ी आकर्षी कश्यप को महिला एकल के पहले दौर में ही हार मिली। आकर्षी के पास कोरिया की दूसरी वरीय आन से यंग का कोई जवाब नहीं था और उन्हें 10-21 4-21 से हारी।