अर्जुन तेंदुलकर सहित इन 20 खिलाड़ियों को एनसीए का बुलावा
नई दिल्ली : बीसीसीआई ने राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर सहित 20 ऑलराउंडरों को बुलाया है। खेल के सभी विभागों में दखल रखने वाले इन क्रिकेटरों का एनसीए में वीवीएस लक्ष्मण व अन्य विशेषज्ञों की अगुवाई में कौशल निखारा जाएगा।
बोर्ड कि योजना है कि इन क्रिकेटरों को निखारकर उच्चस्तरीय क्रिकेट के लिए तैयार करने की है। ऑलराउंडरों का यह खास शिविर 20 दिन तक आयोजित होगा। रणजी ट्रॉफी में गोवा और आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले अर्जुन तेंदुलकर को अगस्त से शुरू होने वाले शिविर के लिए बुलाया गया है।

साल के आखिर में अंडर-23 एमर्जिंग एशिया कप होना है। बीसीसीआई प्रतिभावान क्रिकेटरों की ओर देख रही है। वीवीएस लक्ष्मण का मकसद है कि विभिन्न प्रारूपों में सभी विभागों में दखल रखने वाले क्रिकेटर तैयार करना। सूत्रों का बोलना है कि शिविर के लिए आमंत्रित किए गए सभी क्रिकेटरों पूर्णरूप से ऑलराउंडर नहीं है, इनमें कुछ बल्लेबाजी ऑलराउंडर हैं और कुछ गेंदबाजी ऑलराउंडर भी हैं।
शिविर के लिए बुलाए गए क्रिकेटरों में देश के लिए खेल चुके सौराष्ट्र के बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज चेतन सकारिया, पंजाब और सनराइजर्स हैदराबाद के हरफनमौला अभिषेक शर्मा को बुलाया है। अर्जुन तेंदुलकर के अलावा गोवा के ऑफ स्पिनर ऑलराउंडर मोहित रेडकर और राजस्थान के मानव सुथार को भी आमंत्रित किया गया है।

दिल्ली के हर्षित राणा और दिविज मेहरा को भी बुलाया गया है। अर्जुन तेंदुलकर ने सात प्रथम श्रेणी मैचों में 12 विकेट लिए हैं।
आईपीएल में भी उन्होंने तीन मैच खेले। भारतीय चयन समिति का सोचना है कि अर्जुन 23 वर्ष के हैं और उनके कौशल को निखारा जा सकता है। गोवा क्रिकेट एसोसिएशन ने भी अर्जुन को एनसीए केलिए बुलाए जाने की पुष्टि की।