Trending

इस मामले में विराट व स्मिथ से आगे निकले पाक बल्लेबाज बाबर आजम


नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया के ख़िताब जीतने के साथ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 खत्म हो गया है। इस टूर्नामेंट में भारत को उप-विजेता बनकर ही संतोष करना पड़ा। डब्ल्यूटीसी 2021-23 के दौरान बाबर आजम ने विराट कोहली, स्टीव स्मिथ जैसे बल्लेबाजों को पीछे छोड़ा है।

डब्ल्यूटीसी 2021-23 में नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए औसत के मामले में बाबर आगे निकल गए। 28 वर्षीय बाबर ने 69.10 की औसत से 20 पारियों में रन बनाए। बाबर ने इस दौरान आठ पचासा ठोके और चार शतक लगाए।

बाबर के बाद नंबर दो पर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ हैं। स्मिथ ने 30 पारियों में 55.40 की औसत से रन बनाए। स्मिथ ने इस दौरान छह पचासा ठोके और चार शतक मारे। तीसरे नंबर पर इंग्लैंड के जो रूट हैं, जिन्होंने 34 पारियों में 54.20 के औसत से रन बनाए हैं।

चौथे नंबर पर श्रीलंका के सीनियर बल्लेबाज एंजलो मैथ्यूज हैं, जिन्होंने 48.40 की औसत से रन बनाए हैं। विराट कोहली इस मामले में पांचवें नंबर पर हैं, जिन्होंने 34.65 की औसत से रन बनाए। विराट की फॉर्म में वापसी काफी बाद हुई है। डब्ल्यूटीसी 2021-23 संस्करण में नंबर चार पर कम से कम 15 पारियों के बाद के ये आंकड़े हैं।

बाबर ने 20, स्मिथ ने 30, रूट ने 34, मैथ्यूज ने 16 और विराट ने 27 पारियां खेली हैं। मैथ्यूज ने इस दौरान दो पचासे और दो शतक ठोके हैं, विराट के बल्ले से तीन पचासे और एक शतक निकला है।