एशिया कप की तारीखो का ऐलान, हाइब्रिड मॉडल के तहत होगा टूर्नामेंट
नई दिल्ली : एशिया कप की मेजबानी 31 अगस्त से 17 सितंबर के बीच होगी। इसकी तारीखो की घोषणा हो चुकी है। एशियन क्रिकेट काउंसिल ने इस बारे में जानकारी दी। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और नेपाल की टीमें कुल 13 वनडे मैच खेलेंगी।
चार मैच पाकिस्तान ओर नौ मैच श्रीलंका में होंगे
हाइब्रिड मॉडल में टूर्नामेंट का आयोजन होगा, जिसमें चार मैच पाकिस्तान में होंगे और बाकी के नौ मैच श्रीलंका में खेले जाएंगे। पाकिस्तान में 15 वर्ष बाद एशिया कप के मैच खेले जाएंगे। पाकिस्तान ने पिछली बार 2008 में एशिया कप का आयोजन किया था, फाइनल में भारत को मात देकर श्रीलंका विजेता बनी थी।

इस टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर बीसीसीआई और पीसीबी आमने-सामने थीं। इसके चलते अभी तक इस टूर्नामेंट का शेड्यूल नहीं जारी हुआ है। एशिया कप 2023 की मेजबानी पाकिस्तान के पास थी, बीसीसीआई यहां अपनी टीम भेजने के लिए तैयार नहीं है।
इसी वजह से इस टूर्नामेंट को किसी दूसरे देश में आयोजित कराने की बात हुई, इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाले सभी देश अपनी टीम भेजने के लिए तैयार हों, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड एशिया कप की मेजबानी छोड़ने के लिए तैयार नहीं था। ऐसे में बीच का रास्ता निकाला गया और हाइब्रिड मॉडल में यह टूर्नामेंट आयोजित हो रहा है।
पाकिस्तान की टीम अपने लीग मैच पाकिस्तान में खेलेगी, सुपर चार के मैच और भारतीय टीम के मैच श्रीलंका में खेले जाएंगे। फाइनल मैच भी श्रीलंका में होगा। इस टूर्नामेंट में कुल छह टीमें खेलेगी, जिन्हें दो ग्रुप में बांटा जाएगा। दोनों ग्रुप की टीमें आपस में खेलेंगी और अंक तालिका में अंतिम स्थान पर रहने वाली टीम बाहर हो जाएगी।
दोनों ग्रुप की अंक तालिका में ऊपर रहने वाली दोनों टीमें सुपर चार में जगह बनाएंगी। यहां भी चारों टीमें आपस में खेलेंगी और शीर्ष दो स्थान में रहने वाली टीमें फाइनल मैच खेलेंगी।
इस बार एशिया कप की मेजबानी वनडे विश्व कप से पहले हो रही है। यह टूर्नामेंट वनडे फॉर्मेट में होगा। पिछले वर्ष एशिया कप टी20 फॉर्मेट में हुआ था और श्रीलंका ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर टूर्नामेंट जीता था।