अफगानिस्तान के खिलाफ दोनों पारियों में नजमुल हुसैन शंटो ने जड़ा शतक
नई दिल्ली : अफगानिस्तान के खिलाफ जारी एकमात्र टेस्ट मैच की दूसरी पारी में बांग्लादेश के नजमुल हुसैन शंटो ने शतक मारकर बड़ा कारनामा किया है। शंटो बांग्लादेश के दूसरे ऐसे बल्लेबाज बने हैं जिन्होंने एक टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक मारा है।
उनसे पहले यह कारनामा मोमिनुल हक 2018 में श्रीलंका के खिलाफ किया था। शंटो ने पहली पारी में 146 रन बनाए थे, दूसरी पारी में वह तीसरे दिन के लंच ब्रेक तक 112 रन बनाकर खेल रहे हैं। शंटो ने जब दूसरी पारी में शतक जड़ा तो उनके साथ बल्लेबाजी मोमिनुल हक ही कर रहे थे।
बात वर्ल्ड क्रिकेट की करें तो नजमुल हुसैन शंटो एक टेस्ट की दोनों पारियों में शतक मारने वाले 91वें खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले अंतिम बार यह कारनामा नंबर वन टेस्ट बल्लेबाज मार्नस लाबुशे ने 2022 में वेस्टइंडीज के खिलाफ किया था। ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज वॉरेन बार्डस्ले थे जिन्होंने 1909 में इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़े थे।

बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान टेस्ट की बात करें तो, तीसरे दिन के लंच ब्रेक तक मेजबानों ने 491 रनों की लीड हासिल कर अपना शिकंजा कस लिया है। बांग्लादेश की नजरें कुछ और रन की लीड हासिल कर पारी घोषित करने पर होगी। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम ने शंटो के शतक से बोर्ड पर 382 रन लगाए थे।
इस स्कोर के सामने अफगानिस्तान टीम अपनी पहली पारी में 146 रनों पर सिमट गई थी। कोई भी अफगानी बल्लेबाज 40 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका था। पहली पारी में 236 रनों की बढ़त मिलाने के बाद बांग्लादेश ने दूसरी पारी में 2 विकेट के नुकसान पर 255 रन बना लिए हैं। शंटो के साथ मोमिनुल हक 43 रन बनाकर नाबाद हैं।