अमरोहा के टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में ऐसे सामने आया फर्जीवाड़ा
अमरोहा : अमरोहा में जारी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को अजीबोगरीब मैच खेला गया। सेमीफाइनल में पिछड़ रही अपनी टीम का खराब रन रेट बेहतर करने के लिए कमेटी ने पेपर पर स्क्रिप्ट लिखकर फर्जी मैच करवाया गया। किसी को शक न हो इसके लिए बाकायदा क्रिक हीरोज ऐप पर लाइव स्कोरिंग भी चलती रही।
स्लो पिच पर लगे एक शतक ने उनकी साजिश को बेनकाब किया। राज खुलने पर मैदान पर पहुंचे बाकी टीमों के खिलाड़ियों ने जमकर हंगामा काटा। आयोजकों ने मैदान से भागकर जान बचाई। मामला शहर में संचालित एक क्रिकेट एकेडमी से जुड़ा है। इन दिनों यहां मैदान पर एक क्रिकेट टूर्नामेंट की मेजबानी हो रही है।
ग्रुप ए व बी में चार-चार टीमें खेल रही हैं। इसमें एक टीम कमेटी की भी है। टूर्नामेंट में लीग मैच चल रहे हैं। बताया जा रहा है कि ग्रुप-ए से दो टीमों ने सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई है। ग्रुप बी में शामिल कमेटी की टीम को अपने खराब रन रेट की वजह से सेमीफाइनल में पहुंचने के लाले पड़ रहे हैं।

ग्रुप बी में ही शामिल एक अन्य टीम भी अपने शुरू के दो मैच हार चुकी है। सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद खत्म होने के बाद इस टीम के कप्तान ने अपना अगला मैच खेलने से भी मना कर दिया था। कमेटी की टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाने के लिए आयोजकों ने पेपर पर एक फर्जी मैच की स्क्रिप्ट लिख डाली।
दो मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी टीम के खिलाड़ियों के साथ इस डील को फाइनल किया। हिसाब लगाकर तय पाया गया कि सेमीफाइनल लायक रन रेट के लिए मैच में हर हाल में 100 रन के अंतर से जीत दर्ज करनी पड़ेगी।
पिच बेहद स्लो है, इसलिए असली मैच कराने में स्क्रिप्ट 100 फीसद सटीक ही बैठे ये शायद मुमकिन नहीं था। इसके लिए ये रोमांचक मैच मैदान के बाहर खेलने का प्लान बना। गुरुवार को क्रिक हीरोज ऐप पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों के नाम अपडेट करते हुए लाइव स्कोरिंग शुरू हुई।
शुरुआत में तो बाकी टीमों के खिलाड़ी इस मैच को असली समझते रहे, जब कमेटी की टीम के एक बल्लेबाज ने स्लो पिच पर अपना धुंआधार शतक पूरा किया तो साथ में फर्जी मैच की स्क्रिप्ट भी क्लीन बोल्ड हुई। लाइव स्कोर देखते-देखते दूसरी टीम के खिलाड़ी हकीकत जानने के लिए खुद ही मैदान पर आ गए।
वहां का नजारा देख उनकी आंखें फटी की फटी रह गईं। मैदान खाली पड़ा था, कमेटी से जुड़े दो-तीन लोग पेपर पर तैयार अपनी प्लानिंग के तहत मोबाइल से क्रिक हीरोज ऐप पर स्कोर अपडेट करते मिले। मैदान में जमकर हंगामा हुआ, खिलाड़ियों के घेरने पर आयोजकों ने मैदान से भागकर खुद को पीटने से बचाया।
टूर्नामेंट में अभी तक हुए मैच में स्लो रही पिच गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो रही थी, हर मैच में बल्लेबाज यहां संघर्ष करते नजर आए, गुरुवार को लाइव स्कोरिंग के दौरान अचानक हुई रनों की बरसात ने ऐप से पल-पल की अपडेट ले रहे खिलाड़ियों का माथा ठनका दिया।
थोड़ी देर बाद ही एक नौसिखिए बल्लेबाज के धुंआधार शतक के अपडेट के बाद भोचक्के खिलाड़ी मैदान पर पहुंचे तो फर्जीवाड़ा खुल गया।
रन रेट बेहतर करने के लिए टारगेट 279 का था, कमेटी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। बीच-बीच में एक अंतराल पर तीन विकेट भी गिरे, स्क्रिप्ट के अनुसार इस बड़े स्कोर का पीछा करते हुए डमी टीम को महज 60 से 70 रन पर ढेर होना था।