Trending

इस मामले में कोर्ट के समक्ष पेश हुई अमीषा पटेल, 10 हजार के दो बेल बॉन्ड पर मिली जमानत

शनिवार को रांची सिविल कोर्ट में बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने सरेंडर किया। कोर्ट ने उन्हें दोबारा 21 जून को कोर्ट के समक्ष सशरीर हाजिर होने का आदेश दिया है। अमीषा के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी हुआ था। यह मामला साल 2017 का है, जिसमें हरमू हाउसिंग कॉलोनी में एक कार्यक्रम के दौरान अजय कुमार सिंह की अमीषा पटेल से मुलाकात हुई। उन्हें फिल्मों में पैसे लगाने को ऑफर मिला।

आरोपों के अनुसार, फिल्म देसी मैजिक बनाने के नाम पर उन्होंने ढाई करोड़ रुपये अमीषा पटेल के खाते में ट्रांसफर कर दिए। अजय कुमार सिंह लवली वर्ल्ड इंटरटेनमेंट के प्रोपराइटर हैं। फिल्म नहीं बनाने और पैसे वापस नहीं होने के बाद अजय कुमार सिंह ने निचली अदालत में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत में बोला गया था कि, अमीषा ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। फिल्म नहीं बनने पर उन्होंने अमीषा से पैसे वापस मांगे थे। अभिनेत्री की तरफ से उन्हें चेक मिला था, जो बाउंस हो गया था। अमीषा पटेल को आज रांची सिविल कोर्ट के सिविल जज सीनियर डिविजन डीएन शुक्ला की कोर्ट में सरेंडर किया।

जहां से उन्हें 10 हजार के दो बेल बॉन्ड पर जमानत दी गई। अप्रैल में हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने उन्हें समन जारी करके पेश होने के लिए बोला था, तब अभिनेत्री हाजिर नहीं हुई थीं। कोर्ट ने वारंट जारी किया। रांची के अरगोड़ा निवासी अजय कुमार ने रांची सीजेएम कोर्ट में अमीषा के खिलाफ केस दायर किया है।