वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज खेलने के बाद काउंटी में इस टीम से खेलेंगे अजिंक्य रहाणे
नई दिल्ली : वेस्टइंडीज के खिलाफ दो सीरीज उसकी धरती पर खेलने के बाद दिग्गज भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे इंग्लिश काउंटी टीम लीसेस्टरशर की ओर से डिविजन दो में खेलेंगे। पूर्व भारतीय कप्तान रहाणे ने इसी महीने के आगाज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के साथ टीम इंडिया में सफल वापसी की थी।
रहाणे ने जनवरी में लीसेस्टरशर के साथ करार किया था और आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व करने के बाद उन्हें जून से सितंबर के बीच टीम के लिए आठ प्रथम श्रेणी मैच के अलावा पूरा रॉयल लंदन कप (50 ओवर का घरेलू टूर्नामेंट) खेलना था। भारतीय टेस्ट टीम में लौटने की वजह से वह इस काउंटी टीम से नहीं जुड़ पाए।

इस मामले की जानकारी रखने वाले बीसीसीआई के एक सूत्र ने एक न्यूज़ एजेंसी को नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया, ”अजिंक्य वेस्टइंडीज में दो टेस्ट जो 24 जुलाई को खत्म होने की उम्मीद है।
इसके बाद सीधे इंग्लैंड के लिए रवाना होंगे और बाकी सीजन के लिए लीसेस्टरशर से जुड़ेंगे। वह अगस्त में रॉयल लंदन कप में खेलेंगे और सितंबर में संभवत: चार काउंटी मैच खेलेंगे क्योंकि उनके सीमित ओवरों की टीम में जगह बनाने की उम्मीद नहीं है।
रहाणे दूसरी बार काउंटी क्रिकेट खेलते नजर आएंगे। इससे पहले वह 2019 सत्र में हैम्पशर की तरफ से खेले थे जब उन्हें 50 ओवर के विश्व कप की टीम से बाहर किया था। डब्ल्यूटीसी फाइनल में भारत की पहली पारी में 89 रन बनाने वाले रहाणे ने हाल में 83 टेस्ट में पांच हजार रन पूरे किए।