Trending

इस वजह से तेज गेंदबाज काइल फिलिप पर लगा प्रतिबंध


नई दिल्ली : यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका यानी यूएसए के लिए जिम्बाब्वे में चल रहे वर्ल्ड कप क्वालीफायर 2023 से बुरी खबर सामने आ रही है। टीम के तेज गेंदबाज काइल फिलिप के खिलाफ आईसीसी ने कड़ा कदम उठाते हुए उनकी गेंदबाजी पर बैन लगा दिया है।

वर्ल्ड कप क्वालीफायर में वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए मैच में अवैध गेंदबाजी एक्शन का इस्तेमाल करने के चलते उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी करने से निलंबित किया गया है।

नियमों के अनुच्छेद 6.7 के मुताबिक, फिलिप को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी करने से तुरंत बैन किया गया है। यह बैन तब तक जारी रहेगा जब तक वह अपने गेंदबाजी एक्शन के पुनर्मूल्यांकन के लिए प्रस्तुत नहीं हो जाता, जिससे यह निष्कर्ष नहीं निकलता कि उसका गेंदबाजी एक्शन वैध है।

काइल फिलिप ने वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए मैच में तीन विकेट झटके थे। आईसीसी के मुताबिक, वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए मैच के बाद मैच अधिकारियों ने काइल के एक्शन की रिपोर्ट की और आईसीसी के इवेंट पैनल ने बाद में पुष्टि की कि 26 वर्षीय खिलाड़ी ने अवैध गेंदबाजी एक्शन का इस्तेमाल किया है।

यूएसए के लिए अब तक यह टूर्नामेंट अच्छा नहीं रहा। वर्ल्ड कप क्वालीफायर में खेले अभी तक तीनों मैचों में उन्हें हार मिली है। गुरुवार को नीदरलैंड्स ने उन्हें 5 विकेट से पटखनी दी। इसी के साथ इस टीम के अगले राउंड यानी सुपर-6 में पहुंचने की उम्मीदें भी काफी कम हो गई है।

यूएएस ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे 5वें पायदान पर है। उनका अंतिम मैच सोमवार 26 जून को मेजबान जिम्बाब्वे के साथ है।