Trending

विश्व कप क्वालीफायर्स : नीदरलैंड के हाथों 7 विकेट से हारा नेपाल


नीदरलैंड टीम ने विश्व कप क्वालीफायर्स 2023 के 14वें मैच में नेपाल टीम को 7 विकेट से मात दी। नीदरलैंड टीम की यह तीन मैचों में दूसरी जीत है। दूसरी ओर नेपाल की यह चार मैचों में तीसरी हार है। नीदरलैंड की जीत के हीरो तेज गेंदबाज लोगान वान बीक रहे जिन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए।

नीदरलैंड टीम ने लक्ष्य को हासिल करने के लिए भी पूरी गंभीरता से बल्लेबाजी करते हुए आक्रामक क्रिकेट खेली। सलामी बल्लेबाजों मैक्स ओडोड और विक्रमजीत सिंह ने तेजी से रन जोड़ते हुए टीम को बेहतरीन शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 78 गेंदों में 86 रन जोड़े।

इस बीच विक्रमजीत तेजी से रन बनाने की कोशिश में आउट हो गए। उन्होंने 3 चौकों और 1 छक्के से 43 गेंदों में 30 रन बनाए। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल टीम ने 44.3 ओवरों में सभी 10 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए थे।

टीम की तरफ से कप्तान रोहित पोडेल (33) ने सबसे अधिक रन बनाए। 168 रनों का टारगेट लेकर मैदान में उतरी नीदरलैंड टीम ने 27.1 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर आसानी से जीत हासिल कर ली। नीदरलैंड के लिए मैक्स ओडाउड ने सबसे अधिक 90 रन बनाए। नेपाल की तरफ से संदीप लामिछाने ने सबसे अधिक 2 विकेट लिए।

ओडाउड ने इस मैच में अपने वनडे करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली। हालांकि, वह केवल 10 रन से अपना पहला वनडे शतक से चूक गए। उन्होंने पारी में 120.00 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 75 गेंदों में 90 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के भी जमाए।

29 वर्षीय ओडाउड ने इस मैच के दौरान एक अहम उपलब्धि हासिल करते हुए वनडे करियर के 1,000 रन भी पूरे कर लिए। इस मैच में नेपाल के बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करते हुए दिखे। टीम का पहला विकेट 7 के स्कोर पर ही गिर गया था। 91 रन तक आते-आते आधी टीम लौट चुकी थी।

टीम की तरफ से सबसे बड़ी साझेदारी दूसरे विकेट के लिए कुशल भुरटेल (27) और भीम शार्की (22) के बीच हुई। दोनों ने 75 गेंदों में 39 रन जोड़े। संदीप लामिछाने ने निचले क्रम पर 27 रन बनाते हुए कुछ संघर्ष किया।

नीदरलैंड के लिए गेंदबाज बीक ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए मैच में अपना प्रभाव छोड़ा। उन्होंने मैच में 9.3 ओवर फेंकते हुए 2.50 की इकॉनमी से 24 रन देकर 4 बल्लेबाजों को आउट किया। यह उनके वनडे करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन रहा। इससे पहले उन्होंने 56 रन देकर 4 विकेट लिए थे। बीक ने अभी तक 20 वनडे मैचों में 32.93 की औसत और 5.32 की इकॉनमी से 27 विकेट लिए हैं।