Trending

15 अक्टूबर को आमने-सामने होंगे भारत-पाक, वनडे वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी


मुंबई : आईसीसी पुरुष वनडे वर्ल्ड कप के शेड्यूल की घोषणा हो गई है। इस टूर्नामेंट का आगाज 5 अक्टूबर से इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच ओपनिंग मैच से होगा, जिसका आयोजन दुनिया का सबसे बड़ा नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम करेगा। फाइनल मैच भी इसी मैदान पर 19 नवंबर को होगा। लखनऊ में भारत के एक मैच के अलावा कुल पांच विश्व कप मैच खेले जाएंगे।

भारत अपने अभियान का आगाज 8 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई से करेगा। भारत-पाकिस्तान के बीच 15 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मैच खेला जाएगा। भारत, पाकिस्तान के अलावा अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड जैसी आठ टीमें 14 मई की कटऑफ डेट तक जारी आईसीसी रैंकिंग के आधार पर क्वालीफाई कर चुकी है।

18 जून से नौ जुलाई तक जिम्बाब्वे में हो रहे क्वालीफायर मुकाबलों से दो और टीमें इसमें जुड़ेंगी। हर टीम बाकी नौ टीम के साथ एक-एक मैच खेलेगी। इस आधार पर कुल 45 लीग मैच खेले जाएंगे। सेमीफाइनल मैच मुंबई और कोलकाता में होंगे। बीसीसीआई ने सोमवार को मुंबई में राज्य क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों की मीटिंग बुलाई थी, ये वो राज्य संघ थे, जहां वर्ल्ड कप के मुकाबले करवाए जाएंगे।

ये 12 शहर दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, अहमदाबाद, लखनऊ, धर्मशाला, हैदरबाद, तिरुवनंतपुरम, पुणे और गुवाहाटी हैं। टीम इंडिया के नौ लीग मैच, नौ अलग-अलग स्टेडियम में होंगे।

आईसीसी के अनुसार, 27 जून से आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप ट्रॉफी मेजबान भारत सहित कुवैत, बहरीन, मलयेशिया, अमेरिका, नाइजीरिया, युगांडा, फ्रांस, इटली, अमेरिका जैसे 18 देशों की यात्रा करेगी। दौरे के दौरान विभिन्न देशों में नवीन गतिविधियों और कार्यक्रमों के माध्यम से 10 लाख प्रशंसकों को ट्रॉफी से मुखातिब होने का अवसर मिलेगा।