Trending

स्पेशल ओलंपिक में भारत के नाम 76 गोल्ड सहित 202 पदक

बर्लिन : स्पेशल ओलंपिक विश्व खेलों में भारतीय प्लेयर्स ने अपना अभियान रिकॉर्ड 202 पदकों के साथ खत्म किया है। भारत के प्रेरणादायक एथलीटों ने समाप्त हुए आयोजन में 76 स्वर्ण, 75 रजत और 51 कांस्य पदक जीते, जिसमें अंतिम दिन धावकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

स्पेशल ओलंपिक भारत की अध्यक्ष, डॉ. मल्लिका नड्डा ने बर्लिन खेलों में भारतीय दल के प्रदर्शन पर बोला, हमारे ज्यादातर एथलीटों को विभिन्न प्रकार के सामाजिक भेदभाव का सामना करना पड़ा है, और विभिन्न क्षेत्रों में उन्हें समाज का गैर-कार्यशील सदस्य माना गया है। यह विचार गलत है। खेल के मैदान में उनका प्रदर्शन साबित करता है कि वे ताकत, गति, एकाग्रता और अनुशासन दिखाने में सक्षम हैं।

मुझे उम्मीद है कि इससे बाहर के लोगों की आंखें खुलेंगी और यह साबित हो जाएगा कि हमें इस आंदोलन को और विस्तारित करने एवं इसे अधिक समावेशी बनाने की जरूरत है। भारतीय दल में 198 एथलीटों के अलावा 57 प्रशिक्षक शामिल थे जिन्होंने 16 खेलों में भाग लिया।

फोटो साभार : गूगल

भारत ने ट्रैक पर अंतिम दिन दो स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य सहित छह पदक अपने नाम किया। आंचल गोयल (400 मीटर, महिला लेवल बी) और रविमति अरुमुगम (400 मीटर, महिला लेवल सी) ने पोडियम पर शीर्ष सम्मान हासिल किया। मिनी जेवलिन (लेवल बी) में रजत पदक जीतने वाले साकेत कुंडू ने लेवल बी 400 मीटर में भी कांस्य का तमगा जीता।