वनडे वर्ल्ड कप : शीघ्र शुरू होगी भारत पाक मैच के टिकटों की बिक्री
नई दिल्ली: भारत किसी भी वनडे इंटरनेशनल में साल 2012 के बाद पहली बार पाकिस्तान की मेजबानी करेगा। आखिरी बार मेन इन ग्रीन ने भारत में भारत के खिलाफ 50 ओवर का मैच 6 जनवरी 2013 को अरुण जेटली स्टेडियम (तब फिरोज शाह कोटला स्टेडियम) में खेला था। भारत ने कम स्कोर वाले मैच में पाकिस्तान को 10 रन से हराया।
इस मैच के अधिकतर टिकट ऑनलाइन बेचे जाएंगे। आमतौर पर भारत बनाम पाकिस्तान मैच के टिकट कुछ ही मिनटों में सोल्ड आउट हो जाते हैं। भारत बनाम पाकिस्तान विश्व कप 2023 मैच के लिए टिकटों की बिक्री शीघ्र ही शुरू की जाएगी। टिकट आईसीसी की आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक टिकटिंग भागीदारों की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे।
टिकटों की कीमत का विवरण भी जल्द ही उपलब्ध होगा। भारत बनाम पाकिस्तान मैच के लिए टिकट की कीमतें ज्यादा होने की संभावना है क्योंकि पास की बहुत अधिक मांग होगी। हाल ही में, अहमदाबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच आईपीएल 2023 फाइनल की मेजबानी की। उस मैच के एक टिकट की शुरुआती कीमत हजार रुपये थी।

27 जून को जारी शेड्यूल के अनुसार, भारत और पाकिस्तान की टक्कर 15 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगी। विश्वभर से क्रिकेट फैन इस मैच को देखने पहुंचेंगे। हर कोई मैदान पर पहुंचकर इस मैच का साक्षी बनना चाहेगा। अहमदाबाद के पुराने स्टेडियम ने 28 दिसंबर 2012 को भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 मैच का आयोजन किया था, जहां भारत ने 11 रन से जीत दर्ज की थी।
नवनिर्मित स्टेडियम पहली बार भारत-पाकिस्तान की टक्कर होगी। विश्व कप के मैच हैदराबाद, अहमदाबाद, धर्मशाला, दिल्ली, चेन्नई, लखनऊ, पुणे, बेंगलुरू,मुंबई और कोलकाता में होंगे। गुवाहाटी और तिरूवनंतपुरम के अलावा हैदराबाद में 29 सितंबर से तीन अक्टूबर तक अभ्यास मैच खेले जाएंगे।