Trending

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में नाथन लियोन के नाम दर्ज हुई ये बड़ी उपलब्धि


नई दिल्ली : एशेज सीरीज में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच लॉर्ड्स में जारी है। इस मैच में टॉस जीतकर इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। दोनों टीमें इस मैच में बदलाव के साथ आई है।

ऑस्ट्रेलिया के स्टार स्पिनर नाथन लियोन ने प्लेइंग इलेवन में नाम आते ही एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। नाथन लियोन लगातार 100 टेस्ट खेलने वाले पहले स्पिनर बन गए हैं। वह ये कारनामा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज भी बन गए हैं।

ऑस्ट्रेलियाई स्टार स्पिनर नाथन लियोन 121 टेस्ट मैचों में 495 विकेट लिए हैं। वह एशेज सीरीज के दौरान एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर सकते हैं। वह 500 टेस्ट विकेट पूरा करने से केवल पांच विकेट दूर हैं। जारी एशेज सीरीज के पहले मैच में नाथन ने 8 विकेट झटके थे। वह मैच में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। नाथन ने इस मैच में सबसे ज्यादा ओवर (53) भी डाले थे।

इंग्लैंड के खिलाफ जारी एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच नाथन लियोन का 100वां टेस्ट मैच है। वनडे और टी20 इंटरनेशनल में भी अभी तक कोई गेंदबाज लगातार 100 मैच नहीं खेल सका है। सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के एलिस्टर कुक के नाम हैं, जिन्होंने इंग्लैंड के लिए 159 मैच खेले।

ऑस्ट्रेलिया के एलन बॉर्डर दूसरे नंबर पर हैं, उनके नाम 153 मैच है। 107 मैच के साथ मार्क वॉ तीसरे नंबर पर हैं। भारत के दिग्गज सुनील गावस्कर 107 मैच के साथ चौथे स्थान पर हैं। पांचवें स्थान पर ब्रैंडन मैकुलम हैं, जोकि मौजूदा समय में इंग्लैंड के टेस्ट टीम के मुख्य कोच हैं। उन्होंने लगातार 101 मैच खेले हैं।

लगातार 100 टेस्ट मैच खेलने वाले खिलाड़ी

159-एलिस्टर कुक
153 – एलन बॉर्डर
107 – मार्क वॉ
106 – सुनील गावस्कर
101 – ब्रेंडन मैकुलम