अरूण जेटली स्टेडियम की मरम्मत पर खर्च किए जाएंगे 20-25 करोड़
भारत में खेले जाने वाले वनडे वर्ल्ड कप के पांच मैचों का आयोजन करने वाले अरूण जेटली स्टेडियम की मरम्मत और साज सज्जा पर 20 से 25 करोड़ रूपये खर्च होंगे. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस वर्ष के आगाज में दूसरे टेस्ट का आयोजन करने वाले स्टेडियम में दर्शकों की सुविधाओं का ख्याल नहीं रखे जाने की वजह से काफी आलोचना हुई थी.
दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव रजत मनचंदा ने बोला कि फोकस विश्व कप के दौरान दर्शकों का अनुभव यादगार बनाने पर होगा. उन्होंने कहा कि हमें पांच मैचों का आयोजन दिए जाने के लिये हम बीसीसीआई को धन्यवाद देते हैं, हमें स्टेडियम का बुनियादी ढांचा बेहतर करना होगा, इसमें दर्शकों की सीटें बदलना, नये वॉशरूम बनाना, पुताई और टिकट सॉफ्टवेयर में बदलाव शामिल है.

अप्रैल में बताया गया कि दिल्ली समेत पांच स्टेडियमों में काफी काम की जरूरत है, इनमें हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई और मोहाली शामिल है, मोहाली में हालांकि वर्ल्ड कप का कोई मैच नहीं होना है. भारत में क्रिकेट की अपार लोकप्रियता की वजह से बीसीसीआई प्रसारण अधिकारों से करोड़ों कमा रहा है लेकिन अधिकांश स्टेडियमों की हालत इतनी खराब है कि मूलभूत सुविधायें भी नहीं है.
अरूण जेटली स्टेडियम की दर्शक क्षमता करीब 35000 की है और मनचंदा ने बताया कि डीडीसीए करीब 10000 सीटें बदलेगा, उन्होंने बोला कि हम दर्शकों को साफ सुथरे वॉशरूम, सस्ती दर पर अच्छा खाना और पानी उपलब्ध करवाएंगे, हाउसकीपिंग स्टाफ बढाया जायेगा. यह सारा काम 15 सितंबर तक पूरा होना है.
उन्होंने बताया कि आईसीसी और बीसीसीआई की टीम जुलाई के तीसरे सप्ताह में मैदान का मुआयना करने वाली है. दिल्ली में सात अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका और क्वालीफायर का मैच खेला जाएगा, यहां भारत और अफगानिस्तान के बीच 11 अक्टूबर को मैच होगा, बाकी मैच 14 अक्टूबर, 25 अक्टूबर और छह नवंबर को होंगे.