Trending

लंदन की सड़कों पर अपने पुराने दोस्त से मिले सचिन तेंदुलकर


इन दिनों टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर परिवार के साथ विदेश में छुट्टियां मना रहे हैं। इस बीच लंदन में उन्होंने अपने पुराने दोस्त और वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा से खास मुलाकात की जिसकी फोटो उन्होंने अपने ट्विटर पर साझा की हैं।

सचिन की यह पोस्ट फैन्स को काफी पसंद आ रही हैं और फैन्स कमेंट्स से अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक फैन ने कमेंट में लिखा, ‘आसपास की भीड़ को पता भी नहीं है कि उनके बीच क्रिकेट जगत के दो सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज मौजूद हैं। दरअसल, बुधवार को सचिन तेंदुलकर ने अपने आधिकारिक ट्विटर पर दो फोटो साझा की जिसमें वो कैरेबियाई दिग्गज ब्रायन लारा के साथ लंदन की सड़कों पर सैर करते दिखाई दिए।

इस दौरान दोनों बातचीत करते हुए और कूल अंदाज में नजर आ रहे हैं। पोस्ट को साझा करते हुए सचिन ने कैप्शन में लिखा, आज एक और उत्सुक गोल्फर से मुलाकात हुई। बताते चले कि सचिन और लारा दोनों ही गोल्फ खेलने के दीवाने हैं। अक्सर दोनों दिग्गज मौका मिलते ही गोल्फ खेलने पहुंच जाते हैं।

सचिन ने केन्या में दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज गोल्फर गैरी प्लेयर से मुलाकात की थी और उनसे कुछ टिप्स भी लिए थे। अगर बात क्रिकेट की करें तो सचिन का अंतरराष्ट्रीय करियर 24 सालों का रहा था, लारा ने 17 सालों तक वेस्टइंडीज टीम को अपनी सेवाएं प्रदान की।

अपने करियर के दौरान इन दोनों दिग्गजों ने कई रिकॉर्ड कायम किये जो आज भी कायम हैं। आईपीएल के दौरान भी लारा जब भारत आते हैं तो सचिन से मुलाकात जरूर करते हैं।