Trending

चोटिल हुए ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज नाथन लियोन


लॉर्ड्स में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट जारी है। इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन आस्ट्रेलिया को पहली पारी में 416 रन पर ऑलआउट किया। जवाब में इंग्लैंड ने धमाकेदार शुरुआत की है। इंग्लैंड ने चायकाल के बाद दो विकेट गिराने पर 200 रन पूरे किए। ऑस्ट्रेलिया के स्टार स्पिनर नाथन लियोन गंभीर रूप से चोटिल हो गए हैं। वह मैदान पर काफी दर्द में दिखे और लड़खड़ाते हुए मैदान से बाहर गए।

नाथन लियोन ने ही ऑस्ट्रेलिया को दूसरे टेस्ट में पहली सफलता दिलाई। लियोन ने जैक क्राउली और बेन डकेट के बीच 91 रन की पार्टनरशिप को तोड़ा। जैक 48 गेंद में 48 रन बनाकर आउट हुए। ओली पोप 63 गेंद में 42 रन बनाकर आउट हुए। लंच के बाद धूप खिलने से हालात बल्लेबाजों के मददगार हो गये।

क्राउले और डकेट ने पूरा फायदा उठाते हुए 91 रन की भागीदारी निभायी। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाजों की यह साझेदारी 2011 के बाद आस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ भागीदारी है जब एंड्रयू स्ट्रास और एलिस्टर कुक ने 98 रन की साझेदारी की थी। यह 32 एशेज टेस्ट पहले हुआ था। ऑस्ट्रेलिया के लिए ये बुरी खबर हो सकती है।

क्योंकि नाथन लियोन टीम के प्रमुख स्पिनर रहे हैं और एशेज सीरीज का ये दूसरा मैच खेला जा रहा है, ऐसे में अगर नाथन लियोन की चोट गंभीर हुई तो वह सीरीज से बाहर हो सकते हैं। जारी मैच में अगर वह गेंदबाजी करने के लिए वापस नहीं आते तो भी ऑस्ट्रेलिया के लिए अच्छी खबर नहीं है।

क्राउले इसमें ज्यादा प्रभावी रहे जिन्होंने मिचेल स्टार्क पर लगातार चौके मारे, जोश हेजलवुड पर पुल शॉट लगाया और लियोन पर मिडविकेट पर स्वीप शॉट खेला। 47 गेंद में 48 रन बनाने के बाद लियोन ने उनका विकेट झटक लिया। लियोन की गेंद पर विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने लेग साइड पर उन्हें स्टंप आउट किया।

इस महीने के शुरु में आयरलैंड के खिलाफ 182 रन की पारी खेलने वाले डकेट ने स्टार्क की गेंद पर मिडविकेट पर बाउंड्री लगाकर 84 गेंद में अपना पहला एशेज अर्धशतक पूरा किया। यह 12वें टेस्ट में उनका आठवां अर्धशतक है। बुधवार को पोप कंधे में चोट की वजह से बाहर हुए थे, पारी के दौरान कहीं नहीं लगा कि उन्हें चोट लगी थी। वह और डकेट नाबाद 54 रन जोड़ चुके हैं। इससे पहले स्टीव स्मिथ के शतक की मदद से आस्ट्रेलिया ने 416 रन बनाए।

स्मिथ ने 85 रन से आगे खेलना शुरू किया। एलेक्स कारी और मिचेल स्टार्क पहले 20 मिनट में ही आउट हो गए। स्मिथ उस टाइम 87 रन पर थे और उन्होंने जेम्स एंडरसन को चौका लगाकर शतक पूरा किया। यह उनका 32वां और इंग्लैंड के खिलाफ 12वां टेस्ट शतक था। सर्वाधिक टेस्ट शतक मारने वाले बल्लेबाजों की सूची में वह पूर्व कप्तान स्टीव वॉ के समकक्ष आठवें स्थान पर आ गए।

एशेज में सर्वाधिक रन बनाने वाले आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की लिस्ट में वह चौथे स्थान पर आ गए। उनके 3173 रन हैं और उनसे ऊपर केवल डॉन ब्रेडमैन, जैक हॉब्स और एलेन बॉर्डर हैं। स्मिथ 110 रन बनाकर जोश टंग की गेंद पर गली में डकेट को कैच देकर लौटे। उन्होंने 184 गेंद की पारी में 15 चौके जड़े। स्टुअर्ट ब्रॉड ने कारी (22) को और जेम्स एंडरसन ने स्टार्क (छह) को आउट किया।