भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए घोषित हुई वेस्टइंडीज टीम
नई दिल्ली : 12 जुलाई से भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का आगाज होगा, इस सीरीज के लिए क्रिकेट वेस्टइंडीज के सिलेक्शन पैनल ने 18 प्लेयर्स की टीम की घोषणा की है। इस सीरीज का दूसरा टेस्ट 20 जुलाई को होगा। दोनों टीमें इससे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तीसरे संस्करण का आगाज करेगी।
बता दें, वेस्टइंडीज इस समय जिम्बाब्वे में क्वालीफायर्स मैच खेल रही है। उस टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो भारत के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज में भाग ले सकते हैं, मगर अभी तक उसको लेकर बोर्ड की तरफ से कोई जानकारी सामने नहीं आई है। दो मैच की इस टेस्ट सीरीज के बाद भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैच की वनडे और 5 मैच की टी20 सीरीज भी खेलनी है।
वेस्टइंडीज भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी 30 जून से एंटीगुआ के कूलिज क्रिकेट ग्राउंड पर शुरू करेगी, डोमिनिका में खेले जाने वाले पहले टेस्ट के लिए टीम 9 जुलाई को उड़ना भरेगी। टीम के नियमित कप्तान क्रेग ब्रेथवेट इस सीरीज में भी टीम की अगुवाई करते हुए दिखाई देंगे। जेसन होल्डर, अल्जारी जोसेफ और काइल मेयर्स के भारत के खिलाफ टेस्ट टीम में शामिल होने की उम्मीद है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाली इस टेस्ट सीरीज का पहला मैच डोमिनिका में तो दूसरा टेस्ट त्रिनिदाद के क्वींस पार्क ओवल में खेला जाएगा। यह दूसरा टेस्ट दोनों टीमों के बीच खेले जाने वाला 100वां मैच होगा।

वेस्टइंडीज टीम: क्रैग ब्रैथवेट (कप्तान), एलिक अथानाज़, जर्मेन ब्लैकवुड, नक्रूमा बोनर, टैगेनारिन चंद्रपॉल, रहकीम कॉर्नवाल, जोशुआ डा सिल्वा, शैनन गेब्रियल, केवम हॉज, अकीम जॉर्डन, जायर मैकएलिस्टर, किर्क मैकेंजी, मार्क्विनो मिंडले, एंडरसन फिलिप। रेमन रीफ़र, केमर रोच, जेडेन सील्स, जोमेल वारिकन।