Trending

विदेशी टी-20 लीग में रिटायर्ड प्लेयर्स की भागीदारी पर दोबारा विचार करेगा बीसीसीआई


7 जुलाई को बीसीसीआई अपनी शीर्ष परिषद की बैठक में विदेशी फ्रेंचाइजी लीगों में भारत के रिटायर्ड प्लेयर्स की भागीदारी पर अपनी मौजूदा नीति पर दोबारा विचार करने वाला है, और संभवतः इसमें बदलाव भी हो सकता है। खबरों के मुताबिक, बीसीसीआई विदेशी लीगों में भारतीय प्लेयर्स की भागीदारी पर नियम लागू करने की योजना बना रहा है।

दरअसल, दुनिया भर में टी-20 फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीगों के तेजी से बढ़ने से कई प्लेयर्स समय से पहले रिटायरमेंट ले सकते हैं, और भारत में इसकी शुरुआत हो चुकी है, जिससे घरेलू क्रिकेट का स्तर गिर सकता है, जिसे लेकर बीसीसीआई कथित तौर पर चिंतित है।

जिसकी वजह से बीसीसीआई ने अपने एक्टिव खिलाड़ियों को टी-20 लीगों में भाग लेने से बचाने का फैसला किया है और अब बोर्ड भारत के रिटायर्ड प्लेयर्स की विदेशी लीगों में भागीदारी पर लगाम कसने के लिए एक धारा अपनी नीति में शामिल कर सकता है।

बीसीसीआई की वर्तमान नीति आईपीएल सहित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और घरेलू क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने वाले खिलाड़ियों को विदेशी टी-20 लीगों में हिस्सा लेने की मंजूरी देती है। इस कारण कई भारतीय क्रिकेटर विदेशी लीगों में हिस्सा लेने के लिए जल्द रिटायरमेंट ले रहे हैं, जिनमें अंबाती रायडू, उन्मुक्त चंद और सुरेश रैना जैसे क्रिकेटर शामिल हैं।

इस बढ़ते चलन को रोकने के लिए बीसीसीआई आगामी बैठक में अपनी इस नीति में बदलाव कर सकता है। एक क्रिकेट साइट की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय खिलाड़ियों को अब विदेशी लीगों में भाग लेने के लिए बोर्ड से अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करना होगा, यदि वे भविष्य में भारतीय क्रिकेट में कोचिंग या किसी भी पोजीशन पर काम करना चाहते हैं।

इसके अलावा, बोर्ड खिलाड़ियों को रिटायरमेंट के तुरंत बाद विदेशी लीग में शामिल होने से रोकने के लिए कूलिंग-ऑफ अवधि नियम लाने के बारे में भी सोच सकता है। वहीं, बोर्ड सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में इम्पैक्ट प्लेयर नियम को अपडेट करने और उन्हें आईपीएल के समान बनाने पर भी विचार कर रहा है।

बता दें, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में आईपीएल के विपरीत एक इम्पैक्ट प्लेयर केवल 16वें ओवर से पहले ही खेल में आ सकता है, और टीमें टॉस से पहले 12 खिलाड़ियों की लिस्ट शेयर करती है। अगर बदलाव पर सभी सहमत होते हैं, तो शीट टॉस के बाद शेयर की जाएगी और इम्पैक्ट प्लेयर मैच में कभी भी आ सकता है।