पाक के स्नूकर खिलाड़ी माजिद अली ने दी जान, इस बीमारी से थे पीड़ित
कराची : एशियाई अंडर-21 टूर्नामेंट के रजत पदक विजेता माजिद अली ने पंजाब (पाकिस्तान) के फैसलाबाद के पास अपने होम टाउन समुंद्री में आत्महत्या कर ली। वह 28 वर्ष के थे। पुलिस के मुताबिक, माजिद अपने खेल के दिनों से ही कथित तौर पर अवसाद (डिप्रेशन) से पीड़ित थे। उन्होंने लकड़ी काटने वाली मशीन से आत्महत्या की।
माजिद के भाई उमर ने बताया कि वह किशोरावस्था से ही अवसाद से पीड़ित थे और हाल ही में उन्हें एक और अवसाद का सामना करना पड़ा। माजिद ने कई अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया था और राष्ट्रीय सर्किट में शीर्ष स्तर के खिलाड़ी थे। वह पिछले एक महीने में जान गंवाने वाले देश के दूसरे स्नूकर खिलाड़ी हैं।

पिछले महीने अंतरराष्ट्रीय स्नूकर खिलाड़ी, मुहम्मद बिलाल की हर्ट फेल होन से मौत हो गई थी। उमर ने बोला, ‘ यह हमारे लिए भयावह बात है क्योंकि हमने कभी नहीं सोचा था कि वह आत्महत्या कर लेगा।
पाकिस्तान बिलियर्ड्स और स्नूकर के अध्यक्ष आलमगीर शेख ने बोला कि, माजिद की मौत से पूरा समुदाय दुखी है। उन्होंने कहा, ‘ उनमें प्रतिभा की कमी नहीं थी। वह ऊर्जा से भरपूर युवा थे। हमें उनसे पाकिस्तान का नाम रोशन करने की उम्मीद थी। शेख ने बताया कि माजिद के साथ कोई वित्तीय समस्या नहीं थी।