Trending

भारतीय टीम की लीड स्पॉन्सर बनी ड्रीम-11, तीन साल के लिए हुआ करार


नई दिल्ली : बीसीसीआई ने ड्रीम-11 को भारतीय टीम की अधिकारिक लीड स्पॉन्सर बनने का ऐलान किया। यह करार तीन वर्ष के लिए हुआ है। भारत के वेस्टइंडीज दौरे से इस करार की शुरुआत होगी। ड्रीम-11 ने बायजूस को रिप्लेस किया है।

बीसीसीआई ने ड्रीम-11 के साथ यह करार किस रकम पर किया है इसकी जानकारी नहीं मिली है। पिछले वित्तीय चक्र के खत्म होने के बाद बायूजस ने हटने का फैसला किया था, बीसीसीआई ने अपने नए प्रायोजक के लिए सीलबंद बोलियां आमंत्रित की थीं जिसमें ‘ड्रीम 11’ भी शामिल था।

बीसीसीआई द्वारा प्रेस रिलीज के मुताबिक, ‘बीसीसीआई को भारत के सबसे बड़े फैंटेसी स्पोर्ट्स गेमिंग प्लेटफॉर्म ड्रीम 11 को तीन साल के लिए टीम इंडिया का मुख्य प्रायोजक घोषित करते हुए खुशी हो रही है। ड्रीम 11 को वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज से शुरू होने वाली टीम इंडिया की जर्सी पर देखा जाएगा, जो आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 चक्र में टीम का पहला असाइनमेंट है।

बीसीसीआई प्रेसिडेंट रोजर बिन्नी ने इस करार पर बोला, ‘मैं ड्रीम11 को बधाई देता हूं और बोर्ड में उनका फिर से स्वागत करता हूं। बीसीसीआई के आधिकारिक प्रायोजक से लेकर अब मुख्य प्रायोजक होने तक, बीसीसीआई-ड्रीम 11 साझेदारी लगातार मजबूत होती गई है।

यह भारतीय क्रिकेट द्वारा प्रदान किए जाने वाले विश्वास, मूल्य, क्षमता और विकास का प्रत्यक्ष प्रमाण है। जैसा कि हम इस वर्ष के आखिर में आईसीसी वर्ल्ड कप का आयोजन करने की तैयारी कर रहे हैं, प्रशंसक अनुभव को बढ़ाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है और मुझे विश्वास है कि यह साझेदारी हमें प्रशंसक जुड़ाव अनुभव को बढ़ाने में मदद करेगी।