टी-20 क्रिकेट में शाहीन अफरीदी ने अपने नाम की ये बड़ी उपलब्धि
टी-20 क्रिकेट में पाक टीम के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। किसी भी टी-20 मैच में अफरीदी शुरुआती ओवर में 4 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने। उन्होंने मौजूदा टी-20 ब्लास्ट में नॉटिंघमशायर की तरफ से खेलते हुए वारविकशायर के खिलाफ यह उपलब्धि अपने नाम की।
अफरीदी ने अपने 4 ओवर के कोटे में शानदार प्रदर्शन (4/29) किया। यह चौथा अवसर था जब अफरीदी ने टी-20 पारी के पहले ओवर में गुच्छों में विकेट झटके हैं। वह इससे पहले 3 बार पहले ओवर में 2 विकेट ले चुके हैं। कुल मिलाकर अफरीदी ने 112 टी-20 पारियों के शुरुआती ओवर में 36 विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की है।
भारत के भुवनेश्वर कुमार (45), पाकिस्तान के मोहम्मद आमिर (40) और सोहेल तनवीर (39) के नाम पहले ओवर में उनसे अधिक विकेट दर्ज हैं। 169 रनों का पीछा करते हुए वारविकशायर को शुरुआती ओवर में ही अफरीदी की तूफानी गेंदबाजी का सामना करना पड़ा।

उन्होंने पारी की पहली दो गेंदों पर विपक्षी टीम के कप्तान एलेक्स डेविस (0) और क्रिस बेंजामिन (0) को आउट किया। पारी की अंतिम दो गेंदों पर उन्होंने डैन मूसली (1) और एड बर्नार्ड (0) को आउट किया। अफरीदी का प्रदर्शन बेकार गया और नॉटिंघमशायर को मैच में 2 विकेट से हार झेलनी पड़ी।
अफरीदी 13 मैचों में 8.55 की इकॉनॉमी रेट से 20 विकेट के साथ मौजूदा टी-20 ब्लास्ट में नॉटिंघमशायर के अग्रणी विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इस लीग में उनके ओवरऑलव प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अब तक 20 मैचों में 8.39 की इकॉनमी रेट से 27 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने एक पारी में 6 विकेट भी झटके थे। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने निचले क्रम पर टीम के लिए कुछ उपयोगी पारियां खेली हैं।
टी-20 क्रिकेट में अफरीदी के आंकड़े प्रभावशाली रहे हैं। उन्होंने अभी तक 156 मैचों में 7.84 की इकॉनमी रेट से 221 विकेट अपनी झोली में डाले हैं। टी-20 क्रिकेट में उन्होंने 5 बार 4 विकेट हॉल और इतनी ही बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 19 रन देकर 6 विकेट लेना रहा है। अफरीदी ने पाकिस्तान के लिए 52 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 7.63 की इकॉनमी रेट से 64 विकेट भी लिए हैं।