Trending

सैफ चैंपियनशिप : बांग्लादेश को हारकर कुवैत फाइनल में

बेंगलुरु: सैफ चैंपियनशिप के रोमांचक सेमीफाइनल में अब्दुल्लाह अल-बुलूशी के दर्शनीय गोल की बदौलत कुवैत ने बांग्लादेश पर 1-0 की जीत के साथ फाइनल में जगह बनाई। श्री कांतीरवा स्टेडियम पर हुए इस मैच में 192वीं रैंक वाले बांग्लादेश ने 141वीं रैंक वाली कुवैत को कड़ी टक्कर दी, अल-बुलूशी (105+2वां मिनट) ने अतिरिक्त समय में गोल जमाकर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचा दिया।

कुवैत के दबदबे के बीच राकिब ने 54वें मिनट में भी कुवैत के गोलपोस्ट पर एक निशाना लगाया, लेकिन वह प्रयास साइडबार के करीब से निकल गया। राकिब के प्रयासों के बीच बांग्लादेश के गोलकीपर अनीसुर रहमान ज़िको ने 64वें मिनट में कुवैत के दो दर्शनीय फ्रीकिक रोके।

इंजरी टाइम में भी दोनों टीमों का खाता न खुलने के कारण मैच में 30 मिनट और जोड़े गए। अनीसुर रहमान ने 99वें मिनट में कुवैत के लगातार दो प्रयास रोके, कुवैत की बेरोक आक्रामकता आखिरकार उनपर भारी पड़ी। अतिरिक्त समय में हाफ टाइम होने ही वाला था कि डिफेंडर अल-बुलूशी गेंद को लेकर बांग्लादेश के गोल की ओर दौड़ पड़े।

अल-बुलूशी की फुर्ती ने अनीसुर रहमान को गेंद रोकने का कोई अवसर नहीं दिया और कुवैत को 1-0 की निर्णायक बढ़त मिल गई। मुकाबले के पहले हाफ में कुवैत का दबदबा रहा। विशेष निमंत्रण पर टूर्नामेंट में भाग ले रही पश्चिम एशियाई टीम ने गेंद ज्यादातर अपने कब्ज़े में रखी, बांग्लादेश के चौकस डिफेंस ने उसे खाता खोलने का कोई मौका नहीं दिया।

राकिब हुसैन ने भी 45+1वें मिनट सहित कुवैत के गोल पर दो निशाने लगाए, लेकिन उनमें से एक भी बांग्लादेश को बढ़त नहीं दिला सका। बांग्लादेश ने रहमत मिया, सुमन रेजा और राबीउल हसन के रूप में तीन स्थानापन्न खिलाड़ी फील्ड पर उतारे लेकिन यह उसके काम न आया।

बांग्लादेश को उसका आखिरी अवसर 117वें मिनट में बिस्वनाथ घोष के लॉन्ग पास से मिला, राकिब इस बार भी कुवैत के गोलकीपर को पार नहीं कर सके। सैफ चैंपियनशिप के दूसरे फाइनलिस्ट का फैसला शनिवार रात 07:30 बजे होने वाले भारत और लेबनान के मैच से होगा।