बुडापेस्ट विश्व चैंपियनशिप में प्रतिस्पर्धा करते दिखेंगे नीरज चोपड़ा
नई दिल्ली : भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने संकेत दिया कि वह सीधे विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्रतिस्पर्धा करते हुए दिखेंगे जो 19 अगस्त से बुडापेस्ट में शुरू होगी। चोपड़ा इस दौरान किसी और टूर्नामेंट में भाग नहीं लेंगे। लुसाने में जीत दर्ज करने के बाद उन्होंने बोला, ‘‘ मेरे लिए बुडापेस्ट में होने वाली अगली प्रतियोगिता काफी बड़ी होगी।
चोट की वजह से लगभग एक महीने तक खेल से दूर रहे चोपड़ा ने डायमंड लीग के लुसाने चरण में 87.66 मीटर की दूरी के साथ लगातार दूसरी बार शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने मौजूदा सत्र में पांच मई को दोहा में हुए शुरुआती डायमंड लीग में भी शीर्ष स्थान हासिल किया था।
उन्होंने बोला, ‘‘ मैं यहां जीतना चाहता था इसलिए मैं नतीजे से बहुत खुश हूं, मैं फिर से अभ्यास करना चाहता हूं। मैंने कुछ खामियों को महसूस किया है और उसमें सुधार करना चाहता हूं। इससे मेरा खेल मजबूत होगा। उन्होंने लुसाने को अपने के लिए अच्छी किस्मत वाला शहर करार दिया। उन्होंने कहा, ‘‘ लुसाने मेरे लिए हमेशा अच्छा रहा है।

पिछले वर्ष भी मैंने यहां जीत हासिल की थी और इस साल भी ऐसा ही हुआ। इसलिए मैं अगले साल फिर से आने और फिर से जीतने की उम्मीद कर रहा हूं। बुडापेस्ट विश्व चैंपियनशिप का पुरुषों का भाला फेंक क्वालिफिकेशन राउंड 25 अगस्त को निर्धारित है।
इसमें अभी 50 से अधिक दिन का टाइम है। चोपड़ा अगर उससे पहले किसी स्पर्धा में हिस्सा नहीं लेते है तो वह डायमंड लीग के दोहा और लुसाने चरणों जैसे सिर्फ दो बड़ी स्पर्धाओं में भाग लेने के बाद विश्व चैंपियनशिप में जाएंगे।
चोपड़ा ने अपनी अगली प्रतियोगिता के रूप में स्पष्ट तरीके से विश्व चैंपियनशिप का विशेष रूप से उल्लेख नहीं किया, लेकिन बुडापेस्ट में 19 से 27 सितंबर तक होने वाली चैंपियनशिप से पहले डायमंड लीग का मोनाको चरण (21 जुलाई) के अलावा कोई बड़ा आयोजन नहीं है।
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के एक शीर्ष अधिकारी ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि चोपड़ा पिछले महीने मांसपेशियों में आए खिंचाव से पूरी तरह उबर गए हैं। इस चोट की वजह से उन्हें तीन शीर्ष स्पर्धाओं (विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर गोल्ड लेबल टूर्नामेंटों) में हिस्सा नहीं लिया था।
इस अधिकारी ने बोला, ‘‘ वह पूरी तरह से फिट हैं। मुझे लगता है कि वह (विश्व चैंपियनशिप से पहले) प्रतिस्पर्धा नहीं करेंगे। शायद, वह विश्व चैंपियनशिप पर अधिक ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। चोपड़ा ने 2022 विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता था।