लॉर्ड्स टेस्ट चौथा दिन : इंग्लैंड को मिला 371 रन का लक्ष्य
नई दिल्ली : इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट के चौथे दिन चोटिल नाथन लियोन ने क्रीज पर लड़खड़ाते हुए बल्लेबाजी की, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने 15 रन जोड़कर चाय तक दूसरी पारी 279 रन पर खत्म करते हुए इंग्लैंड को जीतने के लिए 371 रन का टारगेट मिला। लियोन चार रन पर आउट होने वाले अंतिम खिलाड़ी रहे, उनके योगदान से ऑस्ट्रेलियाई पारी 279 रन पर खत्म हुई।
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे सत्र में 31.1 ओवर में 57 रन जोड़े। इंग्लैंड ने सुबह के सत्र में शार्ट गेंदबाजी का फायदा उठाते हुए ऑस्ट्रेलिया के तीन विकेट झटक लिए। ड्रिंक्स के आधे घंटे के अंदर बीती रात से खेल रहे उस्मान ख्वाजा (77) के अलावा स्टीव स्मिथ और उनके बाद ट्रेविस हेड भी पवेलियन लौट आया।

लियोन की मासंपेशियों में खिंचाव आया था और इस विशेषज्ञ स्पिनर के टेस्ट मैच के बाकी हिस्से में खेलने की उम्मीद नहीं थी। जब वह पैड बांधकर ऑस्ट्रेलियाई पारी में बल्लेबाजी करने उतरे तो दर्शक हैरान हो गये और उनका तालियां बजाकर स्वागत किया। वह 27 मिनट तक क्रीज पर टिके रहे। ऑस्ट्रेलिया ने बीती रात दो विकेट पर 130 रन के स्कोर से खेलना शुरु किया।
ख्वाजा और स्मिथ अपनी टीम को 187 रन तक ले गये, इंग्लैंड के गेंदबाजों ने शार्ट गेंदबाजी करने की रणनीति अपनायी। इंग्लैंड ने स्क्वायर के पीछे छह क्षेत्ररक्षकों को लगाकर इन दोनों बल्लेबाजों को आउट करने का जाल बिछाया। ये दोनों बल्लेबाज ड्रिंक्स के बाद पुल और हुक शॉट खेलने के लालच में आ गये और विकेट गंवा बैठे।
स्टुअर्ट ब्रॉड का दिन का पहला ओवर था। ख्वाजा ने उनकी गेंद पर शॉट लगाने का प्रयास किया और फाइन लेग पर खड़े स्थानापन्न खिलाड़ी मैथ्यू पॉट्स को कैच थमा बैठे। ख्वाजा की 188 गेंद में 77 रन की पारी खत्म हुई। हेड क्रीज पर उतरे और पहली ही गेंद पर गली में खड़े जेम्स एंडरसन को कैच थमा बैठे। एंडरसन ने पारी में दूसरी बार कैच छोड़ा।
अगली गेंद पर स्मिथ (34 रन) ने जोश टंग की गेंद को उठा दिया जो सीधे डीप बैकवर्ड स्क्वायर पर जाक क्राउले के हाथों में चली गयी। हेड (07) ब्राड की गेंद पर शार्ट लेग में कैच देकर पवेलियन लौट गये। जो रूट ने एक हाथ से शानदार कैच लपका। यह उनका 176वां कैच था जिससे उन्होंने एलिस्टर कुक को इंग्लैंड के टेस्ट इतिहास में सर्वाधिक कैच लपकने के मामले में पीछे छोड़ा।
ऑस्ट्रेलिया ने 197 रन पर पांच विकेट गंवा दिये। कैमरून ग्रीन ने खाता खोलने में 15 गेंद लगायीं और दूसरे सत्र में 67 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए। एलेक्स कैरी को ओली रॉबिन्सन ने आउट किया जिन्होंने 21 रन की पारी खेली। आस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस 11 रन पर आउट हुए। जोश हेजलवुड रूट को आसान कैच देकर इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स का शिकार बने जिन्हें पारी में पहली बार गेंदबाजी की। रॉबिन्सन ने दो और ब्राड ने चार विकेट झटके।