श्रीलंकाई स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने स्वीकार की अपनी सजा, इस वजह से लगी फटकार
नई दिल्ली : नीदरलैंड के खिलाफ आईसीसी विश्व कप क्वालीफायर मैच के दौरान श्रीलंका के स्टार स्पिनर वानिंदु हसरंगा पर आईसीसी आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए फटकार लगाई गई है।
श्रीलंका ने नीदरलैंड को इस मैच में 21 रन से मात दी थी। इस मैच में श्रीलंका पहले बल्लेबाजी करते हुए 47.4 ओवर में 213 रन ही बना सकी थी। जवाब में नीदरलैंड की टीम 40 ओवर में 190 रन ही बना सकी। आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट लेवल-1 के तहत दोषी पाए जाने के बाद हसरंगा के नाम 1 डिमेरिट प्वॉइंट्स जोड़ा गया है।
श्रीलंका के स्पिनर को 24 महीने के अंदर दूसरी बार दोषी पाया गया है। जिसकी वजह से उनके खाते में दो डिमेरिट प्वॉइंट्स जुड़ गए हैं। दरअसल नीदरलैंड के खिलाफ मैच के दौरान आउट होने के बाद पवेलियन लौटते समय उन्होंने आक्रामक अंदाज में अपने बल्ले से बाउंड्री लाइन को मारा।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद द्वारा जारी एक बयान में बोला गया, “हसरंगा को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो एक इंटरनेशनल मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, कपड़े, ग्राउंड उपकरण या फिक्स्चर और फिटिंग के दुरुपयोग से संबंधित है।
आईसीसी विश्व कप क्वालीफायर में सबसे अधिक विकेट ले चुके वानिंदु हसरंगा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। मैच रेफरी शैज वडवला द्वारा प्रस्तावित सजा को भी स्वीकार कर लिया है। इस वजह से मामले की औपचारिक सुनवाई की कोई आवश्यकता नहीं है।