दलीप ट्रॉफी: चेतन सकारिया की जगह तुषार देशपांडे पश्चिम क्षेत्र की टीम में
मुंबई : चोटिल तेज गेंदबाज चेतन सकारिया की जगह मुंबई के तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे को दलीप ट्रॉफी के लिए पश्चिम क्षेत्र की टीम में शामिल किया गया। सौराष्ट्र के तेज गेंदबाज सकारिया अपनी गेंदबाजी वाले हाथ में कोहनी की चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने एक समाचार एजेंसी को बताया, ” सकारिया की ठीक होने में दो से तीन सप्ताह लगेंगे। प्रथम श्रेणी के 29 मैचों में तुषार देशपांडे ने 27.77 की औसत से 80 विकेट लिये है। उन्होंने इस वर्ष आईपीएल में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। चेन्नई सुपरकिंग्स के इस प्लेयर ने 16 मैचों में 21 विकेट चटकाए थे।

एमएस धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने पांचवीं बार खिताब अपने नाम किया था। दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पश्चिम क्षेत्र का मैच मध्य क्षेत्र से होगा। मध्य क्षेत्र ने क्वार्टर फाइनल में पूर्वी क्षेत्र को 170 रन से हराया था। दूसरे सेमीफाइनल में उत्तर क्षेत्र का मैच दक्षिण क्षेत्र से चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा।