Trending

वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में इस रिकॉर्ड में आर अश्विन छठे नंबर पर


नई दिल्ली : वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में आर अश्विन के बल्ले ने जो कमाल किया है, वहां तक मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली भी नहीं पहुंच पाए हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा शतक सुनील गावस्कर ने ठोके हैं।

अश्विन इस सूची में सचिन, विराट, कपिल देव, मोहिंदर अमरनाथ, वीरेंद्र सहवाग, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे जैसे तमाम दिग्गज बल्लेबाजों से आगे हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ अश्विन ने 11 टेस्ट खेले हैं और इस दौरान उन्होंने 50.18 की दमदार औसत से 552 रन बनाए हैं।

अश्विन ने इस दौरान चार शतक लगाए हैं। गेंदबाजी में भी वेस्टइंडीज के खिलाफ अश्विन का प्रदर्शन दमदार रहा है। गावस्कर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 13 टेस्ट शतक मारे हैं, इस सूची में दूसरे नंबर पर छह शतकों के साथ दिलीप वेंगसरकर हैं और तीसरे नंबर पर भारतीय टीम के मौजूदा हेड कोच राहुल द्रविड़। द्रविड़ ने वेस्टइंडीज के खिलाफ कुल पांच टेस्ट शतक मारे हैं।

फिर नंबर आता है वीवीएस लक्ष्मण, गुंडप्पा विश्वनाथ और आर अश्विन का। जी हां, इन तीनों ने ही वेस्टइंडीज के खिलाफ चार-चार शतक मारे हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ तेंदुलकर ने जहां तीन टेस्ट शतक लगाए हैं, विराट कोहली के खाते में तो दो ही टेस्ट शतक हैं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की तरफ से सबसे ज्यादा टेस्ट शतक मारने का रिकॉर्ड हो या सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट चटकाने का रिकॉर्ड। दोनों ही मामले में आर अश्विन छठे नंबर पर हैं। आर अश्विन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 21.85 की औसत से कुल 60 विकेट चटकाए हैं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की तरफ से सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट कपिल देव ने चटकाए हैं। कपिल देव के खाते में 89 विकेट हैं, 74 विकेट के साथ इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर अनिल कुंबले का नाम है। तीसरे नंबर पर श्रीनिवास वेंकटराघवन आते हैं, जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 68 टेस्ट विकेट लिए हैं।

65 विकेट के साथ चंद्रशेखर चौथे, 62 विकेट के साथ बिशन सिंह बेदी पांचवें नंबर पर हैं। अश्विन के पास अवसर होगा बेदी, चंद्रशेखर और वेंकटराघवन को पीछे छोड़ने का। 12 जुलाई से भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है और अश्विन भारतीय टीम का हिस्सा हैं।