Trending

यूपी के ध्रुव जुरेल एसीसी मेन्स इमर्जिंग टीम्स एशिया कप की टीम में शामिल


लखनऊ : भारत ए टीम की घोषणा एसीसी मेन्स इमर्जिंग टीम्स एशिया कप 2023 के लिए हो गई है। इस टीम की कमान यश ढुल को मिली है, टीम की उपकप्तानी का जिम्मा अभिषेक शर्मा को दिया गया है। टीम में उत्तर प्रदेश के उभरते हुए विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को भी जगह मिली है।

दाएं हाथ के बल्लेबाज और विकेटकीपर ध्रुव जुरेल लगातार घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इसका नतीजा ये हुआ कि उनको एसीसी मेन्स इमर्जिंग टीम्स एशिया कप की टीम में शामिल किया गया है। उनके चयन से यूपी क्रिकेट में खुशी की लहर है।

ध्रुव चंद्र जुरेल एक भारतीय क्रिकेटर है जो घरेलू क्रिकेट में यूपी के लिए और आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हैं। यूपी अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 टीमों में धु्रव जुरेल ने अपना दमखम दिखा चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 2020 में अंडर-19 विश्व कप में टीम इंडिया की उपकप्तानी की थी।

साल 2020-21 की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने उत्तर प्रदेश के लिए 10 जनवरी 2021 को अपना टी-20 डेब्यू किया था। इसके बाद उनके क्रिकेट करियर को नई उड़ान तब मिली जब उनको 2021-22 की रणजी ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश के लिए 17 फरवरी 2022 को प्रथम श्रेणी क्रिकेट में खेलने का अवसर दिया गया।

बता दें कि जूनियर क्रिकेट कमेटी ने श्रीलंका के कोलंबो में 13 से 23 जुलाई तक होने वाले आगामी एसीसी मेन्स इमर्जिंग टीम्स एशिया कप 2023 के लिए भारत ए टीम का चयन किया है. आठ एशियाई देशों के बीच खेला जाने वाला टूर्नामेंट 50 ओवर के फॉर्मेट में होगा।

भारत ए टीम: साई सुदर्शन, अभिषेक शर्मा (उपकप्तान), निकिन जोस, प्रदोष रंजन पॉल, यश ढुल (कप्तान), रियान पराग, निशांत सिंधु, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), मानव सुथार, युवराज सिंह डोडिया, हर्षित राणा, आकाश सिंह, नितीश कुमार रेड्डी, राजवर्धन हंगरगेकर

स्टैंडबाय प्लेयर्स: हर्ष दुबे, नेहल वढेरा, स्नेल पटेल, मोहित रेडकर

कोचिंग स्टाफ: सितांशु कोटक (मुख्य कोच), साईराज बहुतुले (बॉलिंग कोच), मुनीश बाली (फील्डिंग कोच)