Trending

टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर की जिम्मेदारी संभालेंगे अजीत अगरकर

नई दिल्ली : टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर के रूप में पूर्व दिग्गज क्रिकेटर अजीत अगरकर दिखाई देने वाले है। इसकी आधिकारिक घोषणा बीसीसीआई ने की। अगरकर, अशोक मल्होत्रा की अध्यक्षता वाली क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) के साथ वर्चुअल साक्षात्कार में शामिल हुए, जिसके बाद उन्हें सीनियर पुरुष चयनसमिति का अध्यक्ष बनाया गया।

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने बयान में बोला, ” सुलक्षणा नाइक, अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे की क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने पुरुष चयन समिति में चयनकर्ता के एक पद के लिए आवेदकों का साक्षात्कार लिया। तीन सदस्यीय सीएसी ने उक्त पद के लिए सर्वसम्मति से अजीत अगरकर के नाम की सिफारिश की।

उन्होंने बोला, ” समिति ने वरिष्ठता (टेस्ट मैचों की कुल संख्या) के आधार पर पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष की भूमिका के लिए अगरकर की सिफारिश की। अगरकर कार्यभार संभालने के बाद वेस्टइंडीज दौरे के लिए टी 20 टीम का चयन करने के लिए चयन समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

बता दें कि चेतन शर्मा के इस्तीफे के बाद चीफ सेलेक्टर का पद कई महीनों से खाली था। बोर्ड ने पिछले महीने आवेदन मांगे थे। अगरकर ने इस पद के लिए अप्लाई किया, तब से उन्हें रेस में सबसे आगे माना जा रहा था। भारत के लिए अगरकर ने 26 टेस्ट, 191 वनडे और 4 टी20 मैच खेले। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 1998 से लेकर 2007 तक सक्रिय रहे। उन्होंने 349 इंटरनेशनल विकेट चटाकने के अलावा 1855 रन बनाए। उनके नाम एक टेस्ट शतक है।

वो वर्ष 2007 में टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम इंडिया का हिस्सा थे। वह वनडे में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2000 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 21 गेंद में फिफ्टी बनाई थी और यह रिकॉर्ड अभी तक कायम है। अगरकर सबसे तेज 50 वनडे विकेट लेने का रिकॉर्ड भी बना चुके हैं, जो उनके करीब एक दशक तक रहा।

उन्होंने 23 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की थी। पूर्व ऑलराउंडर ने 110 प्रथम श्रेणी, 270 लिस्ट ए और 62 घरेलू टी20 मैच खेले हैं। बता दें कि अगरकर सीनियर मुंबई टीम के मुख्य चयनकर्ता भी रह चुके हैं। वह आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ का भी हिस्सा रहे हैं।