Trending

कार हादसे में बाल-बाल बचे पूर्व तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार व उनका बेटा


टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार की गाड़ी को मंगलवार देर रात तेज रफ्तार के कैंटर ने टक्कर मार दी। प्रवीण के साथ उनका बेटा भी था। दोनों बाल-बाल बचे, मौके पर पहुंची पुलिस ने कैंटर चालक को हिरासत में ले लिया है। रात करीब 10 बजे प्रवीण अपनी गाड़ी से मेरठ के पांडव नगर की तरफ से जा रहे थे।

कमिश्नर आवास के नजदीक उन्हें यह टक्कर लग गई। प्रवीण को वर्ष 2012 के बाद टीम के लिए खेलने का अवसर नहीं मिला। उन्होंने वर्ष 2018 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया। जब उन्होंने संन्यास लिया था तब उनकी उम्र 32 वर्ष थी। वह वर्ष 2007 से 2012 तक भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज रहे।

वर्ष 2011 के वनडे विश्व कप में चोट की वजह से वह टीम का हिस्सा नहीं थे। प्रवीण गेंद को स्विंग कराने के लिए जाने जाते हैं। हादसे के बाद वहां पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने कैंटर चालक को मौके पर ही दबोच लिया। एसपी सिटी पीयूष कुमार ने बताया कि कैंटर चालक को हिरासत में लेकर थाने भेजा गया है।

हादसे में प्रवीण और उनका बेटा पूरी तरह से सुरक्षित हैं। प्रवीण इससे पहले भी हादसे का शिकार हो चुके हैं। वर्ष 2007 में मेरठ में ही वह एक खुली जीप से गिर गए थे। भारत के लिए प्रवीण ने अंतिम मैच वर्ष 2012 में पाकिस्तान टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने भारत के लिए 6 टेस्ट, 68 वनडे और 10 टी-20 मैच खेल चुके हैं।

टेस्ट में उन्होंने 27 विकेट, वनडे में 77 विकेट और टी-20 में उनके नाम 8 विकेट है। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/106 का रहा है। वनडे की बात करें तो उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/31 का रहा है। आईपीएल में प्रवीण ने अपना पहला मैच वर्ष 2008 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेला था। वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम में थे।

उन्होंने आईपीएल में 119 मैच का हिस्सा रहे। इस दौरान 36.12 की औसत से उन्होंने 90 विकेट झटके थे। उनकी इकॉनमी रेट 7.73 की रही है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/18 का था। उन्होंने आखिरी आईपीएल मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वर्ष 2017 में खेला था।