Trending

टेस्ट रैंकिंग : पहले स्थान पर पहुंचे केन विलियमसन, स्मिथ को भी फायदा


नई दिल्ली : आईसीसी द्वारा जारी ताजा टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में अलग तरह की उथलपुथल नजर आई। जो रूट पहले पायदान से फिसलकर सीधा पांचवें पायदान पर आ गए हैं, क्रिकेट से दूर चल रहे न्यूजीलैंड के केन विलियमसन पहले पायदान पर आ गए हैं।

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को एक पायदान का नुकसान हुआ है और वह टॉप-5 से बाहर होकर छठे नंबर पर आ गए हैं। सातवें नंबर पर उस्मान ख्वाजा हैं, आठवें नंबर पर डेरेल मिचेल हैं। नौवें नंबर पर दिमुथ करुणारत्ने, 10वें पायदान पर भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत हैं। भारत के कप्तान रोहित शर्मा 12वें, विराट कोहली 14वें पायदान पर हैं।

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को रैंकिंग में फायदा मिला है और वह चार पायदान की छलांग लगाकर दूसरे नंबर पर आ गए हैं। केन के 883 रेटिंग प्वॉइंट्स हैं, स्मिथ के 882 रेटिंग प्वॉइंट्स हैं। स्मिथ के पास एशेज 2023 के तीसरे टेस्ट के दौरान नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज बनने का अवसर होगा।

स्मिथ का यह 100वां टेस्ट मैच होगा और अगर वह नंबर-1 टेस्ट बैटर का ताज हासिल कर लेते हैं, तो यह टेस्ट उनके लिए और भी ज्यादा खास हो जाएगा। ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन तीसरे नंबर पर बने हुए हैं। जबकि ट्रैविस हेड भी चौथे पायदान पर ही विराजमान हैं। इन दोनों के पास 12 जुलाई से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज में अपनी रैंकिंग सुधारने का अवसर होगा।

स्टीव स्मिथ ने लॉर्ड्स में शतक लगाया था और इसका फायदा उन्हें रैंकिंग में मिला है। स्मिथ ने लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में 110 , दूसरी पारी में 34 रन बनाए थे। स्टीव स्मिथ मैन ऑफ द मैच चुने गए थे।