पीसीबी के नए अध्यक्ष के रूप में चुने गए जाका अशरफ
नई दिल्ली : पिछले कुछ समय से पूर्व चेयरमैन जका अशरफ को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के नए अध्यक्ष के रूप में चुने जानें की बातें चल रही थी, मगर अब उनके नाम पर पीसीबी ने मोहर लगा दी है।
क्रिकेट पाकिस्तान की रिपोर्ट की माने तो पीसीबी ने उन्हें नए अध्यक्ष के रूप में चुन लिया है। वह आज से लाहौर में अपनी पहली बैठक करेंगे जिसमें पाकिस्तान क्रिकेट से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

क्रिकेट पाकिस्तान की रिपोर्ट की माने तो, पीपुल्स पार्टी का समर्थन प्राप्त करने वाले जका अशरफ को पीसीबी से जुड़े किसी भी मुद्दे पर फैसला लेने से पहले प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का अप्रूवल लेना होगा। बता दें, शहबाज शरीफ पीसीबी चेयरमैन के संरक्षक के तौर पर काम करेंगे। जका अशरफ को चार महीने के लिए पीसीबी की कुर्सी सौंपी गई है और वह 10 मेंबर्स वाली पीसीबी मैनेजमेंट कमेटी की अगुवाई करेंगे।
बात पीसीबी मैनेजमेंट कमेटी में शामिल 10 मेंबर्स की करें तो उनमें कलिम उल्लाह खान, अशफाक अख्तर, मुसादिक इस्लाम, अजमत परवेज़, जहीर अब्बास, खुर्रम सुमरो, ख्वाजा नदीम, मुस्तफा रामदे और जुल्फिकार मलिक को शामिल किया गया है।
समिति के गठन के अलावा, मुख्य चुनाव आयुक्त के पद में भी बदलाव हुआ है। अहमद शहजाद फारूक राणा की जगह इस पद पर महमूद इकबाल को नियुक्त किया गया है।