Trending

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से तमीम इकबाल का संन्यास


नई दिल्ली : वनडे वर्ल्ड कप 2023 से तीन महीने पहले अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषण करके बांग्लादेश वनडे टीम के कप्तान तमीम इकबाल ने सबको हैरान कर दिया है।

इसी के साथ उनके 16 साल लंबे क्रिकेट करियर का अंत हुआ। चट्टोग्राम में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब उन्होंने अपने संन्यास की घोषणा की तो वह भावुक थे और उनकी आंखें भी नम दिखी। तमीम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘यह मेरे करियर का अंत है। मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है और मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया है।

मैं इस क्षण से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं। तमीम ने अपने संन्यास की घोषणा अफगानिस्तान के खिलाफ जारी तीन मैच की वनडे सीरीज का पहला मैच हारने के बाद किया। इस दौरान उन्होंने यह बताया कि, संन्यास लेने का फैसला आनन-फानन में नहीं लिया, इसके लिए उन्होंने काफी सोच-विचार किया और अपने करीबी लोगों से बात की।

हालांकि उन्होंने अचानक अपने संन्यास लेने की वजह नहीं बताई है। उन्होंने आगे बोला, ‘कल अफगानिस्तान के खिलाफ मेरा आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच था। मैं अभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं। यह अचानक लिया गया फैसला नहीं था. मैं विभिन्न कारणों के बारे में सोच रहा था। मैं यहां जिक्र नहीं करना चाहता। मैंने इस बारे में अपने परिवार वालों से बात की है।

मैंने सोचा कि यह मेरे लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का सही समय है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने तमीम इकबाल ने वनडे टीम के नए कप्तान की घोषणा नहीं की है। बता दें, शाकिब अल हसन टी-20 की तो लिटन दास टेस्ट टीम की अगुवाई करते हैं।

उन्होंने लगभग एक वर्ष पहले ही टी-20 क्रिकेट से संन्यास लिया था, उन्होंने आखिरी टेस्ट आयरलैंड के खिलाफ हाल ही में खेला था। तमीम के करियर की बात करें तो उन्होंने बांग्लादेश के लिए 70 टेस्ट, 241 वनडे और 78 टी-20 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने क्रमश: 5134, 8313 और 1758 रन बनाए हैं। वह बांग्लादेश के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 15205 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।