Trending

तीसरे राउंड में स्टेन वावरिंका ने बनाई जगह, जोकोविच से होगा आमना-सामना


विंबलडन: 29वें वरीय अर्जेंटीना के टॉमस मार्टिन एट्चेवेरी को चार सेट में मात देकर तीन बार के ग्रैंडस्लैम विजेता स्टेन वावरिंका ने इस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के तीसरे दौर में जगह बनाई। स्विट्जरलैंड के 38 साल के खिलाड़ी ने दूसरे दौर में मैच में टॉमस को 6-3, 4-6, 6-4, 6-2 से हराया।

महिला एकल में सोफिया केनिन और एलिना स्वितोलिना दोनों ने तीसरे दौर में प्रवेश किया। ये दोनों तीसरे दौर में आमने सामने होंगी। स्वितोलिना ने दूसरे दौर में 28वीं वरीय एलिस मर्टेन्स को 6-1, 1-6, 6-1 से हराया, सोफिया ने चीन की शिन्यु वैंग को सीधे सेट में 6-4, 6-3 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।

विंबलडन के अलावा तीनों अन्य ग्रैंडस्लैम जीतने वाले वावरिंका अगले दौर में 23 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता नोवाक जोकोविच से भिड़ेंगे जो रिकॉर्ड की बराबरी करने वाला आठवां विंबलडन खिताब जीतने के लिए चुनौती पेश कर रहे हैं। अमेरिकी ओपन 2020 के फाइनल में जगह बनाने वाले एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने नीदरलैंड के क्वालीफायर गिज्स ब्रोवर को पहले दौर के मैच में 6-4, 7-6 (4), 7-6 (5) से हराया। जर्मनी के 19वें वरीय ज्वेरेव ने दो बार विंबलडन के चौथे दौर में जगह बनाई है।