लीड्स टेस्ट : पहले दिन इंग्लैंड के मार्क वुड ने झटके पांच विकेट
नई दिल्ली : एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट का पहला दिन पूरी तरह से गेंदबाजों के नाम रहा। दोनों टीमों ने मिलाकर कुल 13 विकेट लिए। ये मैच इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच हेडिंग्ले के लीड्स मैदान पर हो रहा है। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया 263 रनों पर सिमट गई, इंग्लैंड ने दिन का खेल खत्म होने तक 68 के स्कोर पर तीन विकेट खोए।
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टेस्ट क्रिकेट में स्टुअर्ट ब्रॉड ने 16वीं बार डेविड वॉर्नर का शिकार करते हुए पहले ही ओवर में कंगारुओं को झटका दिया। मार्क वुड की रफ्तार के आगे उस्मान ख्वाजा भी नहीं टिक सके और वह 13 के स्कोर पर आउट हो गए।
क्रीज पर स्टार इंग्लिश बल्लेबाज जो रूट के साथ जॉनी बेयरस्टो मौजूद हैं और इंग्लैंड अभी भी ऑस्ट्रेलिया के स्कोर से 195 रन पीछे हैं। सीरीज के पहले दो मैच हारकर 0-2 से पिछड़ने वाली बेन स्टोक्स की टीम ने हेडिंग्ले टेस्ट में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन में 3-3 बदलाव हुए।

इंग्लैंड टीम में जहां मोइन अली, मार्क वुड और क्रिस वोक्स की एंट्री हुई, ऑस्ट्रेलिया ने टॉड मर्फी, मिशेल मार्श और स्कॉट बोलैंड को मौका दिया। ऑस्ट्रेलियाई मिडिल ऑर्डर की जान माने जाने वाले मार्नस लाबुशेन 21 के स्कोर पर वोक्स का तो स्मिथ 22 के स्कोर पर ब्रॉड का शिकार बने।
85 रनों पर चार बड़े विकेट खोकर ऑस्ट्रेलिया दबाव में था, तब मिशेल मार्श ने आकर 118 रनों की धुआंधार पारी खेल टीम को मुश्किल से निकाला। 5वें विकेट के लिए ट्रेविस हेड के साथ उन्होंने 115 रनों की पार्टनरशिप की। जैसे ही मार्श आउट हुए तो ऑस्ट्रेलिया टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई।
240 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को मार्श के रूप में 5वां झटका लगा था, उनके आउट होने के 23 रन के अंदर पूरी टीम 263 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस दौरान मार्क वुड ने सबसे अधिक 5 विकेट चटकाए, क्रिस वोक्स को तीन और स्टुअर्ड ब्रॉड को 2 विकेट मिली।
ऑस्ट्रेलिया की तरह इंग्लैंड की पारी की भी शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान पैट कमिंस ने बेन डकेट को 2 के स्कोर पर आउट कर मेजबानों को पहला झटका दिया, नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए हैरी ब्रूक भी सस्ते में पवेलियन लौटे। दिन का खेल खत्म होते-होते ऑस्ट्रेलिया को जैक क्रॉली का भी बड़ा विकेट मिला जिन्होंने 33 रन बनाए।