विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट : जीत के साथ बोपन्ना-एबडेन दूसरे दौर में
विंबलडन : भारत के रोहन बोपन्ना और ऑस्ट्रेलिया के उनके पुरुष युगल जोड़ीदार मैथ्यू एबडेन ने अर्जेंटीना के गुइलेर्मो डुरान और टॉमस एचेवेरी की जोड़ी को एक संघर्षपूर्ण मैच में मात देकर इस टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बना ली।
इस साल की शुरुआत में एटीपी टूर पर दो युगल खिताब जीतने वाले 43 साल के बोपन्ना और 35 साल के एबडेन का अगला मैच रविवार को जैकब फर्नले और योहानस मंडे की गैर वरीय ब्रिटिश जोड़ी से होगा।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने पहले दौर के मैच में अर्जेंटीना की जोड़ी को 6-2, 6-7 (5-7), 7-6 (10-8) से हराया। यह मैच दो घंटे 12 मिनट तक चला।

बोपन्ना और एबडेन ने फरवरी में कतर ओपन का खिताब अपने नाम किया, मार्च में भारतीय खिलाड़ी अमेरिका में इंडियन वेल्स में मास्टर्स सीरीज टूर्नामेंट (एटीपी1000) जीतने वाला सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बना था। बोपन्ना ने तब कनाडा के डेनियल नेस्टर का रिकॉर्ड तोड़ा था, जिन्होंने 2015 में 42 साल की उम्र में सिनसिनाटी मास्टर्स का खिताब जीता था।
बोपन्ना शनिवार को मिश्रित युगल में कनाडा की गैब्रिएला डाब्रोव्स्की के साथ जोड़ी बनाएंगे। इस छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी का पहला मैच क्रोएशिया के इवान डोडिग और चीनी ताइपे की लतीशा चान की गैरवरीयता प्राप्त जोड़ी से होगा।