कनाडा ओपन : फाइनल में लक्ष्य सेन की इंट्री, सिंधु की हार
कैलगरी : जापान के केंटा निशिमोटो पर सीधे गेम में जीत हासिल करके राष्ट्रमंडल खेल के चैंपियन लक्ष्य सेन ने कनाडा ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। सेन ने जापान के 11वीं रैंकिंग के प्लेयर को 21-17 21-14 से हराकर अपने दूसरे सुपर 500 फाइनल में जगह बनायी। यह एक साल में उनका पहला बीडब्ल्यूएफ फाइनल भी होगा।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सकीं और महिला एकल के सेमीफाइनल में जापान की नंबर एक खिलाड़ी अकाने यामागुची से 14-21 15-21 से हार गयीं। सत्र के शुरू में वह फॉर्म में नहीं थे जिससे रैंकिंग में 19वें नंबर पर खिसक गये।

2021 विश्व चैंपियनशिप में इस 21 साल के खिलाड़ी ने कांस्य पदक जीता था। फाइनल में उनका सामना चीन के लि शि फेंग से होगा जिनके खिलाफ उनका जीत का रिकॉर्ड 4-2 का है। सेन ने पिछला फाइनल पिछले वर्ष अगस्त में राष्ट्रमंडल खेल में खेला था। वह यहां सेमीफाइनल के शुरु में 0-4 से पिछड़ रहे थे लेकिन जल्द ही उन्होंने 8-8 से बराबरी हासिल की।
ब्रेक तक निशिमोटो 11-10 से बढ़त बनाये थे, जल्द ही भारतीय खिलाड़ी ने अपने पसंदीदा स्मैश और तेज रिटर्न से वापसी की और अपने प्रतिद्वंद्वी के लांग शॉट से गेम अपने नाम किया। दूसरे गेम में दोनों ने एक दूसरे को बराबरी की टक्कर दी, सेन की सतर्कता निशिमोटो पर भारी पड़ी। एक समय 2-2 के समान स्कोर के बाद दोनों 9-9 की बराबरी पर थे।
ब्रेक तक सेन ने दो अंक की बढ़त बना ली। ब्रेक के बाद सेन 19-11 से आगे थे और निशिमोटो के फिर से नेट पर शॉट लगाने से भारतीय खिलाड़ी ने मैच अपने नाम किया।