आईपीएल की तर्ज पर होगी शतरंज लीग की मेजबानी
नई दिल्ली : अखिल भारतीय शतरंज महासंघ इंडियन प्रीमियर लीग की तर्ज पर फ्रेंचाइजी आधारित शतरंज टूर्नामेंट शुरू करेगा जिसकी निविदा प्रक्रिया अगले एक पखवाड़े में शुरू हो जायेगी।
एआईसीएफ आम सभा की बैठक कानपुर में हुई थी। जिसमें इस बारे में चर्चा हुई थी। इस फ्रेंचाइजी आधारित लीग में छह से आठ टीमें होगी। इसके शुरूआती सत्र की मेजबानी इस वर्ष दिसंबर में होगी। एआईसीफ अध्यक्ष संजय कपूर ने इस बारे में पूछे जाने पर एक समाचार एजेंसी से बोला, ‘‘ हमें भारतीय शतरंज का चेहरा बदलना होगा। यह आईपीएल जैसा होगा।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक राज्य शतरंज संघ को हर वर्ष सात लाख रुपये मिलेंगे। उन्होंने उम्मीद जतायी कि कानपुर बैठक के दौरान उन्होंने जो खाका तैयार किया है उससे राज्य निकायों को अगले तीन-चार साल में अनुग्रह राशि के रूप में लगभग 25 लाख रुपये मिलेंगे।
उन्होंने यह भी बोला कि एआईसीएफ देश में खेल को पेशेवर तरीके से चलाने के लिए एक प्रबंधन बोर्ड बनाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘हमें आगे बढ़ने के लिए अपनी मानसिकता बदलनी होगी। हमें अपनी कमियों के बारे में सोचना होगा और हर समय उस पर काम करना होगा। तीन वर्ष के बाद हमें किसी सरकारी फंडिंग की जरूरत नहीं होगी।
यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने विश्वनाथन आनंद और कोनेरू हंपी जैसे भारतीय शतरंज के दिग्गजों के लिए किसी भूमिका की परिकल्पना की है, कपूर ने बोला, ‘वे हमारे साथ हैं। आनंद फिडे (अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ) के उपाध्यक्ष हैं। वह हमेशा महासंघ के साथ हैं। आनंद एक ‘आइकन’ हैं और वह भारतीय शतरंज के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।